ब्रह्मास्त्र नर्मदापुरम
नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा के पास रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे टवेरा और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। हादसे में टवेरा सवार 5 लोगों की मौत हो गई। 7 लोग घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल महेंद्रवाड़ी व माखननगर के रहने वाले थे। वे बुधनी में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उनका इलाज जारी है। शवों का पोस्टमॉर्टम आज नर्मदापुरम में किया जाएगा।
क्रासिंग के दौरान ट्रॉली के साइड से टकराई गाड़ी
पुलिस के अनुसार, टवेरा में सवार सभी लोग गांव के राघवेंद्र मोरप्पा की शादी में बुधनी गए थे। रात में महेंद्रवाड़ी लौट रहे थे। आंचलखेड़ा के पास नर्मदापुरम की ओर से अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। क्रासिंग के दौरान टवेरा ट्रॉली के साइड से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और राहगीरों व ग्रामीणों की मदद से घायलों व मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया।