उज्जैन। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बुधवार को बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम एक साथ घोषित कर दिए हैं। इसके साथ ही मंडल ने परिणाम सुधार के लिए भी तैयारी घोषित कर दी है। मई से ही इसकी शुरूआत होने वाली है। जारी परिणाम में उज्जैन संभाग का परिणाम पिछले वर्ष की अपेक्षा 5.77 प्रतिशत गिरा है। प्रदेश में उज्जैन जिला 10 वीं के परिणाम में 14 वें क्रम पर और 12 वीं में 15 वें स्थान पर रहा है। यहां तक की उज्जैन संभाग में भी मुख्यालय उज्जैन का क्रम 7 जिलों में दुसरे एवं तीसरे नंबर पर रहा है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के परिणाम में प्रदेश में उज्जैन का नंबर विगत वर्ष की अपेक्षा सुधार पर रहा है। जिले में बोर्ड परीक्षा परिणाम में शासकीय स्कूलों का 10वी में 2.5% एवं 12 वी में 6.24% की बढ़ोतरी हुई । कलेक्टर उज्जैन रोशन कुमार सिंह ने बताया कि उज्जैन जिले ने कक्षा 10 वी में 83.03% एवं कक्षा 12 वी में 86.23 % परीक्षा फल प्राप्त किया जो गत वर्ष से क्रमशः 2.5% एवं 6.24% ज्यादा रहा । वही कक्षा 10 वी में 8 एवं कक्षा 12 वी में 6 विद्यार्थियों ने राज्य मेरिट में स्थान प्राप्त किया । एडीपीसी गिरीश तिवारी के अनुसार जिले में 60 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले कक्षा 10वीं के 18 एवं कक्षा 12वीं के 3 विद्यालयों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाएगा।
संभाग में 10 वीं का परिणाम 5.77 प्रतिशत गिरा-
उज्जैन संभाग के 7 जिलों में बोर्ड परीक्षा के परिणाम में कक्षा 10 वीं में पिछले वर्ष के परिणाम की अपेक्षा गिरावट दर्ज की गई है। संभाग के मंदसौर , शाजापुर एवं देवास जिले में यह गिरावट दर्ज की गई है। कुल जमा संभाग में पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम 81.25 फीसदी की अपेक्षा इस वर्ष 75.48 फीसदी ही रहा है। नीमच,उज्जैन,रतलाम,आगर मालवा जिलों में करीब 3 फीसदी से लेकर दो फीसदी तक परिणाम में सुधार आया है।
संभाग एक नजर में:10 वीं का परिणाम
जिला वर्ष2025 वर्ष 2026
नीमच 87.29 90.21
उज्जैन 80.57 83.07
मंदसौर 83.55 80.92
रतलाम 78.84 80.77
शाजापुर 86.22 79.53
आगर-मालवा 72.36 74.36
देवास 84.05 67.38
नोट –आंकडे प्रतिशत में हैं। स्त्रोत-जिला शिक्षा कार्यालय,उज्जैन
हायर सेकेंडरी में 1.59 फीसदी की गिरावट दर्ज-
संभाग के 7 जिलों में इस वर्ष हायरसेकेंडरी कक्षा 12 वीं के परिणाम में भी 1.59 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। संभाग के नीमच,मंदसौर, उज्जैन, रतलाम ,आगर मालवा जिलों में जहां 6.24 प्रतिशत से लेकर 1.16 प्रतिशत तक परिणाम पिछले वर्ष की अपेक्षा बेहतर रहा है वहीं शाजापुर, देवास में परिणाम 2.22 से लेकर 11.33 प्रतिशत तक गिरा है।
संभाग एक नजर में:12 वीं का परिणाम
जिला वर्ष2025 वर्ष 2026
नीमच 86.34 90.46
उज्जैन 79.99 86.23
मंदसौर 83.13 87.53
रतलाम 79.59 83.83
शाजापुर 86.01 83.79
आगर-मालवा 73.45 74.61
देवास 82.18 70.85
नोट –आंकडे प्रतिशत में हैं। स्त्रोत-जिला शिक्षा कार्यालय,उज्जैन
देवास की वजह से संभाग का क्रम गिरा-
माध्यमिक शिक्षा मंडल के कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के घोषित परिणाम में उज्जैन संभाग के देवास जिला इस वर्ष अपने स्तर को बचाने में नाकामयाब रहा है। पिछले वर्षों में संभाग में अच्छे परिणाम के साथ सामने आने वाला देवास में इस वर्ष आकस्मिक रूप से परिणाम की गिरावट बहुत ज्यादा सामने आई है। इसे लेकर देवास में काफी चर्चाओं का दौर जारी है। देवास जिला में कक्षा 10 वीं के परिणाम में 16.67 प्रतिशत एवं 12 वीं में 11.33 प्रतिशत की गिरावट को लेकर चिंतन का दौर शुरू हो चुका है,जबकि पिछले वर्षों में उसके परिणाम संभाग के अन्य जिलों में 10 वीं के परिणाम में तीसरे क्रम पर और 12 वीं के परिणाम में चौथे क्रम पर रहे थे। देवास जिला में आकस्मिक रूप से परिणाम की यह गिरावट कई सवालों को जन्म दे रही है। शिक्षा विभाग भी इसे लेकर कमियों को तलाशने में जुट गया है।
उज्जैन का परिणाम गत वर्ष की अपेक्षा सुधरा-
उज्जैन में कक्षा 10 वीं का परीक्षा परिणाम गत वर्ष 80.57% था, जो इस वर्ष बढ़कर 83.03% हो गया है। इस प्रकार लगभग 2.5% की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं कक्षा 12वीं का परिणाम 79.99% से बढ़कर 86.23% हो गया, जो 6.24% की महत्वपूर्ण वृद्धि को दर्शाता है।
10वीं के 28 ,12वीं के 6 स्कूलों का 100 प्रतिशत परिणाम-
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार परिणामों के अनुसार जिले में कक्षा 10वीं में कुल 7517 परीक्षार्थियों में से 6207 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जबकि कक्षा 12वीं में 6110 में से 5267 विद्यार्थी सफल रहे। कक्षा 10वीं में 4483 (59.64%) एवं कक्षा 12वीं में 4137 (67.72%) विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।