उज्जैन। ढांचा भवन क्षेत्र में पेट्रोल डालकर मकान में लगाई गई और गोलियां चलाने वाले आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस गिरफ्तारी के लिये उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। अब तक एक आरोपी हिरासत में आया है, जिसे बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के ढांचा भवन में 11 अप्रैल की रात पांच बाइक पर सवार होकर आये 13 से 15 बदमाशों ने एक मकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। बदमाशों ने क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से गोली भी चलाई थी। आगजनी का वीडियो सोश्ल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मनोहर गुर्जर की शिकायत पर उसके पुत्र रौनक गुर्जर के मकान में आग लगाने का प्रकरण दर्ज किया था। वीडियो के आधार पर 13 बदमाशों की पहचान हुई थी। जिसमें मुख्य बदमाश कमल पिता संतोष परमार निवासी निजातपुरा को सोमवार-मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार रात उसने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास भी किया था, लेकिन घायल होने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया था। जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। उससे हुई पूछताछ में आगजनी में शामिल बुंदेला गैंग के 11 सदस्यों यशवेंद्र उर्फ छिंगू बुंदेला मोहननगर, किशोर पटेल चिंतामण, मोहित पटेल फाजलपुरा, अमन उर्फ बच्चा, बबलू ठाकुर, ओम उर्फ बच्चा, चिनू मराठा, निखिलेश उर्फ निक्कू मराठा, राहुल उर्फ भय्यू गोहर, आशुतोष उर्फ आशु गोहर, राहुल उर्फ सूर्या सूर्यवंशी सभी निवासी चिमनगंजमंडी के नाम सामने आये थे। जिनकी गिरफ्तारी के लिये मंगलवार से पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश देने का काम कर रही है। थाना प्रभारी विवेक कनोड़िया के अनुसार सभी आरोपी शहर से फरार हो गये है। उनके परिजनों से पूछताछ की पता लगाने के प्रयास जारी है। गिरफ्तारी कर सभी को जेल भेजा जायेगा।
गोलीकांड को लेकर बनाई गई विशेष टीम
देवासगेट थाना क्षेत्र की हीरामिल की चाल ब्रिज के नीचे 2 दिन पहले विष्णुपुरा में रहने वाले लव निर्मल को गोली मार दी गई थी। दोनों पैर में गोली लगने पर घायल लव ने गोली चलाने में शामिल जय उर्फ बच्चा चौहान, अनमोल गुर्जर और एक अन्य की जानकारी पुलिस को दी थी। थाना प्रभारी अनिला पाराशर ने चंद घंटो में गोली चलाने वाले जय उर्फ बच्चा को गिरफ्तार कर लिया था। जिससे रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। वहीं बदमाश अनमोल की गिरफ्तारी के लिये 2 थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। अनमोल कुख्यात गुर्जर गैंग का सदस्य है। जिसके खिलाफ पूर्व में कई अपराध दर्ज है। कुछ माह पहले उसने नीलगंगा क्षेत्र में भी गोली चलाई थी, उस अपराध में भी वह लगातार फरार चल रहा है।
आगजनी में फरार 11 आरोपियों की तलाश में दबिश