तेलंगाना से गिरफ्त में आया ठग गिरोह का खाताधारक -रिटायर्ड इंजीनियर को निवेश के नाम पर लगाई थी 25 लाख की चपत

उज्जैन। शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर एमपीईबी से सेवानिवृत्त इंजीनियर को 25 लाख की चपत लगाने वाले गिरोह का खाताधारक 18 माह बाद राज्य सायबर सेल की गिरफ्त में आ गया। खाताधारक को तेलंगाना से उज्जैन लाया गया है।
पार्श्वनाथ कालोनी में रहने वाले एमपीईबी के सेवानिवृत्त इंजीनियर ने सितंबर 2024 में राज्य सायबर सेल को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साथ शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 25 लाख की धोखाधड़ी हुई है। शिकायत पर जोन प्रभारी उपपुलिस अधीक्षक लीना मारोठ के निर्देशन में बीएनएस की धारा 318 (4) के साथ आईटी एक्ट की धारा 86 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। ठगी करने वालों का पता लगाने के लिये निरीक्षक मोहनसिंह सोलंकी, एएसआई हरेन्द्रपालसिंह राठौर और आरक्षक सुशील शर्मा की टीम बनाई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों पर काम शुरू किया। 15 माह बाद सामने आया कि ठगी के 18 लाख सैय्यद मोईन पिता शरीफ कुरैशी के खाते में ट्रांसफर हुई है। टीम उसकी तलाश में तेलंगाना के लिये रवाना हुई। जहां 3 दिनों की तक वारंगल और मलकाजगिरी जिले के अलग-अलग स्थानों पर तलाश करने के बाद मुसापेट जिला मलकाजगिरी से सैय्यद मोईन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी द्वारा टेलिग्राम पर हर माह 10 हजार रूपये कमाने के लिये एक व्यक्ति को अपना बैंक खाता और सीम प्रदान की थी। बैंक खाता पुराने किराये के मकान पर खुलवाया गया था। वह कक्षा 10 वीं तक पढ़ा है और मदन शॉप की दुकान चलाता है। एएसआई हरेन्द्रपालसिंह राठौर ने बताया कि प्रकरण में अन्य खाताधारको की तलाश कर मनी ट्रेल से जुड़े अन्य आरोपियो की तलाश जारी है।
बैंक अकाउंट में 2 करोड़ का ट्रांजेक्शन
राज्य सायबर सेल के अनुसार आरोपी का बैंक खाता बंधन बैंक में है। जिसमें वर्ष 2024 के 40 दिनों में 2 करोड़ रूपये का ट्रांजेक्शन होना पाया गया है। उक्त बैंक खाता देश के 17 राज्यों की पुलिस ने फ्रीज करा रखा है। आरोपी ने अलग-अलग राज्यों में अपना बैंक खाता ठग गिरोह को दिया था। आरोपी खाताधारक से पूछताछ के बाद उसे इंदौर कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।
ऐसे दिया था निवेश में मुनाफे का झांसा
अपने साथ हुई ठगी की शिकायत करने वाले सेवानिवृत्त इंजीनियर ने राज्य सायबर सेल टीम को बताया था कि उन्हे वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जोड़ा गया था। जिसमें कहा गया कि हमारी कंपनी गहन एनालायसिस कर चुनिंदा शेयर मार्केट में निवेश कराती है। इसके साथ आईपीओ भी आसानी से अलाट किया जाता है। वाट्सएप ग्रुप पर ही शेयर मार्केट से संबंधित टीप प्रदान करती है। निवेश पर अत्यधिक प्राफिट होता है। उनकी बातों पर विश्वास कर लगातार 2 माह तक तेलंगाना, तमिलनाडू, पश्चिम बंगाल, राजस्थान सहित 6 राज्यों के बैंक खातों में 25 लाख रूपये जमा कराये गये थे।
5 हजार का प्रतिदिन बताया था लाभ
शिकायतकर्ता के अनुसार 25 लाख का निवेश करने के बाद उन्हे प्रतिदिन वर्च्युअल 50 हजार का लाभ दिखाया जाता था। जब मुनाफा निकालने का प्रयास किया गया तो आहरण नहीं हुआ। निवेश कराने वाले से संपर्क संपर्क करना बंद कर दिया और राशि नहीं दी। तब ठगी का आभास हुआ।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment