उज्जैन। गरोठ मार्ग तुलाहेड़ा टोल प्लाजा पर रात में 8-10 लोगों द्वारा जमकर तोड़फोड़ की गई और कर्मचारियों से मारपीट की गई। शाम को उलटी दिशा में कार लाने पर विवाद हुआ था। मामले में पुलिस ने 3 प्रकरण दर्ज किये है।पानबिहार पुलिस चौकी के गरोठ मार्ग तुलहेड़ा में टोल प्लाजा बना हुआ है। रविवार देर शाम उलटी दिशा में आ रही कार को टोल कर्मचारियों ने रोक दिया था। कार में देवेंद्र सिंह पिता विजेंद्र सिंह राठौड़ निवासी इंदिरा नगर चिमनगंज उज्जैन और मोहन सिंह पिता राजेंद्र सिंह चौहान निवासी पिपलिया हामा भेरूगढ़ सवार थे। जिनका विवाद टोलकर्मियों से हो गया। कार सवार दोनों युवकों के 2 अन्य साथी बाइक से आ गए जिनके चेहरे पर नकाब थे। उन्होंने टोल कर्मियों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद होता देख टोल के अन्य कर्मचारी भी एकत्रित हो गए। दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मामला थाने पहुंचने पर पुलिस ने टोल प्लाजा टीसी शैलेंद्र पिता कमलसिंह राजपूत निवासी काला पीपल राघवी की शिकायत पर मोहन सिंह चौहान और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। वही मोहन के साथी देवेंद्र पिता विजेंद्र सिंह राठौड़ की शिकायत पर टोल कर्मियों द्वारा मारपीट करने का प्रकरण दर्ज किया गया। मोहनसिंह चौहान करणी सेना का जिला अध्यक्ष होना बताया जा रहा था। जिसे मारपीट में चोंट लगी थी। टोल कर्मियों में दिलीपसिंह, कुलदीपसिंह और नीरज शर्मा घायल थे। दोनों ओर से प्रकरण दर्ज किए जाने के बाद पुलिस द्वारा घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा जा रहा था उसी बीच रात में बाइक पर सवार होकर 8-10 युवक दोबारा से टोल प्लाजा पर पहुंच गए, उन्होंने देर शाम गाड़ी निकालने पर हुए विवाद को लेकर गाली गलौज शुरू की और तोड़फोड़ शुरू कर दी। टोल प्लाजा का कम्प्यूटर कक्ष तोड़ दिया गया, सीसीटीवी कैमरे फोड़ दिए, यही नहीं टोल बैरियर भी क्षतिग्रस्त कर दिया। युवको ने 15-20 मिनट उपद्रव किया। पुलिस सूचना मिलने पर तुलाहेड़ा टोल प्लाजा पहुंचती उससे पहले सभी भाग निकले थे। टोल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका था। पुलिस में उक्त तोड़फोड़ के मामले में टोल प्लाजा के सिस्टम बेलिरेटर सचिन पिता रामस्वरूप पटेल निवासी जबलपुर हाल मुकाम टोल प्लाजा की शिकायत पर तोड़फोड़ करने वाले जयसिंह, तोमर रोहित चौधरी, अरुण बैरागी, गोपाल चौधरी और अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।टोल प्लाजा पर लगातार हो रहे विवाद-जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक शहर से दूसरे शहर को जोड़ने वाले हाईवे मार्गों पर बने टोल प्लाजा पर लगातार विवाद होना सामने आ रहे हैं। तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाएं काफी बढ़ गई है। फरवरी माह में तराना थाना क्षेत्र के ए बी रोड रोजवास टोल पर दो बार विवाद और तोड़फोड़ के मामले सामने आए थे। तोड़फोड़ करने वाले बिना टोल शुल्क दिये का गाड़ी निकालना चाहते थे। बड़नगर मार्ग इंगोरिया थाना क्षेत्र के टोल पर भी पिछले माह विवाद और जाम की खबरें सामने आई थी, इंदौर रोड, देवास रोड टोल पर भी विवाद के मामले सामने आ चुके है।
ReplyForward