इंदौर पटना ट्रेन से बिहार शराब ले जाते तीन तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

महंगे ब्रांड की 100 से अधिक बोतलें बरामद

500 रुपए के लालच मे फंसा बीटेक पास छात्र

ब्रह्मास्त्र इंदौर

शाजापुर जिले की शुजालपुर पुलिस ने शराबबंदी वाले राज्य बिहार में अवैध सप्लाई के लिए मध्यप्रदेश से भेजी जा रही शराब की एक बड़ी खेप को पुलिस ने पकड़ा है। बुधवार शाम शुजालपुर रेलवे स्टेशन पर सीआईबी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को पकड़ा। आरोपी इंदौर-पटना एक्सप्रेस (19313) के एसी कोच का उपयोग कर महंगे ब्रांड की शराब की तस्करी कर रहे थे।

पकड़े गए आरोपियो में दो इंदौर और एक बुरहानपुर का निवासी है। इनका तस्करी का तरीका बेहद शातिराना था। ये आरोपी सड़क मार्ग से शराब लेकर शुजालपुर स्टेशन पहुंचते थे ताकि इंदौर, देवास या उज्जैन जैसे बड़े स्टेशनो पर चेकिंग से बच सकें। वही बुधवार शाम करीब 5 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर जब ये आरोपी एच-1 एसी कोच मे नंबर लॉक वाले नए ट्रॉली बैग्स चढ़ा रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। ये लोग सूटकेस को सुरक्षित कोच में चढ़ाकर बाद में बैग्स को बाथरूम या अन्य जगहो पर शिफ्ट कर देते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार बड़े ट्रॉली सूटकेस और दो पिटू बैग जब्त किए हैं। इन बैग्स की तलाशी लेने पर ‘ब्लेंडर प्राइड’ सहित कई नामी और महंगे ब्रांड की 100 से अधिक शराब की बोतलें बरामद हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियो ने इसी महीने दो बार इसी रास्ते से शराब की खेप बिहार पहुंचाई थी। बिहार में शराब पर प्रतिबंध होने के कारण वहा इन बोतलों को तीन से चार गुना ऊंचे दामो पर बेचा जाता था, इसी मुनाफे के लालच मे यह पूरा नेटवर्क संचालित हो रहा था। पकड़े गए आरोपियो में से बुरहानपुर निवासी एक युवक ने पूछताछ मे खुद को बीटेक डिग्री धारी बताया है। उसने बताया कि वह मात्र 500 रुपए के कमीशन के लालच मे इस काम में फंस गया।

हालांकि, पुलिस को संदेह है कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब कहा से खरीदी गई थी और बिहार मे इसे किसे डिलीवर किया जाना था। रेलवे पुलिस की जांच मे सामने आया कि तस्करों ने जानबूझकर शुजालपुर स्टेशन को अपना ट्रांजिट पॉइंट बनाया था। उन्हें लगा कि छोटे स्टेशन पर सीमित स्टाफ और कम निगरानी का फायदा उठाकर वे आसानी से निकल जाएंगे।
पकड़े गए आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए इंदौर ले जाया गया है। जब्त शराब की सटीक मात्रा और उसकी कुल कीमत का खुलासा आधिकारिक गणना के बाद किया जाएगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment