16 दिन बाद 2 गिरफ्त में, 2 फरार साथियों की तलाश राजगढ़ के चार बदमाशों ने चुराई थी लाखों की 2 मुर्रा भैंस

उज्जैन। लाखों की मुर्रा भैंस चोरी करने वाले 2 बदमाशों को 16 दिन बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों को 18 फरवरी तक रिमांड पर लिया गया है। उन्होने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर भैंसों को बेच दिया था। पुलिस ने भैंसे बरामद कर ली है।   दोनों के 2 साथी फरार है। पुलिस ने मुर्रा भैंसे बरामद कर ली है।
माकडोन थाना प्रभारी प्रदीपसिंह राजपूत ने बताया कि 26 जनवरी की रात ग्राम झलारा में रहने वाले मुकेशसिंह सौंधिया के बाड़े में बंधी 2 मुर्रा भैंस अज्ञात बदमाश चुराकर ले गये थे। 2 दिनों तक तलाश करने के बाद मुकेश द्वारा 29 जनवरी को 4.50 लाख कीमत की भैंसे चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस दौरान सामने आया कि भैंस चोरी में पिकअप वाहन का उपयोग किया गया है। कैमरों के फुटेज देखने के बाद बदमाशों के भागने का रूट ट्रेस किया गया, वहीं लोकेशन का पता लगाई गई। 16 दिन बाद मामले में राजगढ़ के बसी तलावाड़ा थाना खिलचीपुर के रहने वाले रामबाबू पिता नंदराम तंवर और बबलू पिता जगन्नाथ तंवर निवासी ग्राम पे्रमपुरा राजगढ़ को हिरासत में लिया गया। दोनों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि भैसे चोरी करने के लिये पिकअप का इस्तेमाल किया गया था। चोरी में 2 साथी कमल राजपूत और बनेसिंह भी शामिल थे। थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्त में आये दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 18 फरवरी तक रिमांड पर लिया गया है। दोनों फरार साथियों की गिरफ्तारी के साथ पिकअप की बरामदगी के प्रयास किये जा रहे है।
भोपाल हाट में बेच आये थे भैंसे
बताया जा रहा है कि लाखों रूपये कीमत की भैंसे चोरी करने के बाद अरोपियों ने भोपाल हाट में जाकर बेच दी थी। रामबाबू और बबलू से पूछताछ के बाद पुलिस ने भैंस खरीदने वालों से सुराग तलाशा और दोनों भैसे बरामद कर ली। खरीददारों का कहना था कि उन्हे पता नहीं था भैंसे चोरी की है। बेचने वाले मवेशी पालक बनकर आये थे। आरोपियों को गिरफ्तार करने और भैंसे बरामद करने में माकडोन थाना एसआई हुकुमसिंह सोलंकी, एएसआई शांतिलाल राजपूत, आरक्षक राजेन्द्रसिंह, जगदीश लबाना, सैनिक मांगीलाल, राहुल और विनोद मंडोर की भूमिका रही।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment