उज्जैन। छात्रा के शुक्रवार को थाने पहुंचते ही पुलिस हरकत में आ गई। नकाबपोश की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी कैमरे देखे गये, लेकिन ना नकाबपोश दिखा, ना ही किसी ने घटना की पुष्टि की। बावजूद सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस क्षेत्र में नजर रख रही है।
मामला जीवाजीगंज थाना क्षेत्र की गीता कालोनी चौपड़ा का होना सामने आया है। जीवाजीगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि कक्षा 9 वीं में पढ़ने वाली छात्रा शुक्रवार दोपहर को थाने आई थी। उसने बताया कि वह स्कूल से लौट रही थी, तभी गीता कालोनी में उसे नकाबपोश बदमाश ने रोका और उठाकर ले जाने की धमकी देने लगा। छात्रा की बात सुनते ही पुलिस गीता कालोनी पहुंची और लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी इस तरह की घटना होने की जानकारी नहीं दी। मामला नाबालिग छात्रा से जुड़ा होेने पर गंभीरता बरती गई और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गये। जिसमें छात्रा आता दिखाई दी लेकिन कोई नकाबपोश बदमाश नजर नहीं आया। छात्रा का कहना था कि नकाबपोश वहां खड़ी कार के पीछे छुपा था, उसने पहले बुलाया और उठाकर ले जाने की धमकी दी, उसका कहना कि कल दूसरे बच्चों को भी ले जाऊंगा। जबकि कुछ दूरी पर ही पुलिस की गाड़ी का पाइंट लगा था। छात्रा ने उस वक्त पुलिस को घटना नहीं बताई। वह घर लौटी और बाद में परिवार के साथ थाने आई। थाना प्रभारी कनोडिया के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में नजर रखी जा रही है। छात्रा ने ऐसी घटना क्यों बताई इसका पता भी लगाया जा रहा है।
नकाबपोश दिखा, ना घटनाक्रम की हुई पुष्टि -छात्रा बोली उठाकर ले जाने की मिली धमकी