हाईस्कूल खारपा में कक्षा 10 के विद्यार्थियों को दी भावभीनी विदाई

जीरापुर (खारपा)। शासकीय हाईस्कूल खारपा में कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राम निवास धाकड़ (नायब तहसीलदार) रहे। विशेष अतिथि के रूप में अमित कुमार (इंडीग्रिड), संतोष कुमार सिंह (सहयोग केयर सोसाइटी), मोहन लाल शर्मा (पूर्व प्राचार्य) एवं महेश भावसार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत स्वागत भाषण से हुई, जिसमें प्राचार्य राधेश्याम पुरविया ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात जूनियर छात्र-छात्राओं ने कक्षा 10 के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी। विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने समारोह को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि राम निवास धाकड़ ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को परीक्षा की विशेष तैयारी करने तथा भविष्य की योजनाएं निर्धारित कर लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। अमित कुमार ने कहा कि नैतिक शिक्षा और गुरुओं का सम्मान ही जीवन में सफलता की कुंजी है। संतोष कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि जिस विद्यालय से वे शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ रहे हैं, उसे कभी न भूलें। मोहन लाल शर्मा ने घोषणा की कि विद्यालय में जो विद्यार्थी टॉपर होंगे, उन्हें 1100 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। समारोह में विद्यार्थियों को अपर्णा एवं अन्य उपहार भेंट किए गए। विद्यार्थियों ने विद्यालय को महापुरुषों की तस्वीरें भेंट कर आभार व्यक्त किया। अंत में सभी ने स्नेहभोज में सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र मालवीय ने किया। स्वागत भाषण हरीश लुहार ने दिया तथा आभार प्रदर्शन शिवसिंह कुशवाह ने माना। इस अवसर पर भंवर लाल वर्मा, अशोक कुमार राठौर, रमेश मालवीय, गायत्री गुप्ता, अनीता मालवीय, कौशल्या मालवीय, देवेंद्र जोशी, विष्णु दांगी, संजय जोशी सहित विद्यालय परिवार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment