दिग्विजय राज में 20 हजार करोड़ का कर्ज, अब 27 हजार करोड़ ब्याज चुका रही सरकार
ब्रह्मास्त्र भोपाल
दिग्विजय सिंह सरकार के समय मध्य प्रदेश का कुल कर्ज 20 हजार करोड़ रु. था। अब मौजूदा मोहन सरकार 27 हजार करोड़ रु. कर्ज के ब्याज के तौर पर चुका रही है। दरअसल, मध्य प्रदेश ने पिछले 20 साल में तरक्की की तो की है, लेकिन कर्ज का बोझ भी बढ़ा है। पिछले हफ्ते ही सरकार ने एक बार फिर 5200 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है।
इस नए कर्ज के साथ सरकार का कुल कर्ज 4 लाख 64 हजार 340 करोड़ रुपए हो गया है। जबकि सरकार का इस वित्तीय वर्ष का बजट है 4 लाख 21 हजार करोड़ रुपए यानी कर्ज की राशि बजट से 43 हजार करोड़ रुपए ज्यादा हो गई है। कर्ज लेने के पीछे सरकार की तरफ से दलील दी जाती है कि विकास कामों के लिए ये कर्ज लिया जा रहा है। हकीकत ये भी है कि मध्य प्रदेश सरकार के खजाने का 1 लाख करोड़ से ज्यादा सब्सिडी और फ्री बीज योजनाओं पर खर्च हो रहा है। वित्त विभाग का अनुमान है कि साल खत्म होने तक सरकार को जितनी आय होगी उससे 64 फीसदी ज्यादा खर्च हो जाएगा।
