सूर्यदेव के निकलते ही तापमान में आई तेजी,केन्द्रीय जेल में मनाया मध्यप्रदेश स्थापना दिवस

उज्जैन। मोंथा चक्रवात के साथ अरब सागर और बंगााल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से पांच दिनों से मौसम पूरी तरह से बदला हुआ था। बारिश के बीच 10-12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। दिन-रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही थी। सूर्यदेव बादलों में छुपे हुए थे, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका था। लेकिन शनिवार बारिश थमने और मौसम के साफ होने पर दोपहर बाद सूर्यदेव दिखाई दिये। जिसके चलते तापमान में तेजी दर्ज की गई। शासकीय जीवाजीराव वेधशाला पर अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। जो शुक्रवार को 22.5 डिग्री पर आ गया था। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है। जिसमें अब तेजी आ सकती है। वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि रविवार-सोमवार तक आसमान से बादल पूरी तरह साफ हो जायेगें। मोंथा चक्रवता का असर कम होने पर हवा की रफ्तार भी थमने लगी है। जिसके चलते तापमान में तेजी दर्ज होगी। आगे बंगाल की खाड़ी में पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने पर पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी के बाद ही ठंड लौटेगी। नवम्बर माह कभी ठंड तो कभी गर्मी के बीच बीत सकता है।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर शनिवार को जहां प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किये गये, वहीं केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। जेल अधीक्षक मनोज साहू ने बताया कि बंदियों के बीच कार्यक्रम में रागिनी म्युजिकल डांस ग्रुप आॅफ इंडिया के कलाकारो ने देशभक्ति और फिल्मी गानों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान ही जेल मुख्यालय भोपाल अधीक्षक दिनेश कुमार नरगावे भी जेल भ्रमण पर पहुंचे थे, उन्होने कार्यक्रम में गायन की प्रस्तुति देकर समां बांधा। प्रदेश के स्थापना दिवस पर उपपुलिस अधीक्षक (प्रशासन) जसमनसिंह डाबर, सहायक अधीक्षक सुरेश गोयल, प्रवीण कुमार मालवीय, अंतिम बिरला द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई थी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment