उज्जैन। देवास रोड स्थित तरण ताल का लोकार्पण गुरुवार को हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। नगर निगम द्वारा लगभग ₹8.30 करोड़ की लागत से पुराने पूल का पुनर्निर्माण कर इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
नया स्विमिंग पूल 25×50 मीटर साइज का है, इसकी गहराई 4.5 से 6.15 फीट रखी गई है, जिससे यह ट्रेनिंग और प्रतिस्पर्धा दोनों के लिए उपयुक्त है। बच्चों के लिए 2.5 से 3 फीट गहराई वाला अलग वार्मअप पूल बनाया गया है।
इसके अलावा 200 से अधिक लोगों की क्षमता वाली दर्शक गैलरी, आधुनिक फिल्ट्रेशन सिस्टम, शॉवर, वेटिंग रूम, पार्किंग और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
7 दिन तक निशुल्क तैराकी का आनंद ले सकेंगे शहरवासी..
मुख्यमंत्री ने बालक और बालिका वर्ग के तैराकों के लिए ₹51 हजार के पुरस्कार की घोषणा की। साथ ही महापौर मुकेश टटवाल की मांग पर 7 दिनों तक आमजन के लिए निःशुल्क तैराकी की सुविधा दी गई है।
प्रतियोगिता से शुरुआत…
लोकार्पण के बाद बालक एवं बालिका वर्ग में स्विमिंग प्रतियोगिता हुई। जिसमें 100 मीटर फ्री स्टाइल प्रतियोगिता में शिवोहम तिवारी प्रथम, आर्यन राजपूत द्वितीय और समर्थ गहलोत तृतीय रहे।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी, रजत मेहता, प्रकाश शर्मा, कैलाश प्रजापत, डॉ. योगेश्वरी राठौर, दुर्गा शक्ति सिंह चौधरी, जोन अध्यक्ष सुशील श्रीवास, पार्षद पंकज चौधरी, दिलीप परमार, अपर आयुक्त संदीप शिवा, उपायुक्त योगेन्द्र सिंह पटेल उपस्थित थे।