उज्जैन। ढांचा भवन उद्योगपुरी में युवक की सीने पर चाकू मारकर हत्या करने वाले बदमाश को बुधवार सुबह 72 घंटे बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हत्या करने के बाद बदमाश महाराष्ट्र भाग निकला था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उद्योगपुरी क्षेत्र की झाड़ियों से चाकू बरामद किया है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र की उद्योगपुरी में 5 अप्रैल की शाम केवल उर्फ केके पिता राजेन्द्र श्रीवास्तव 35 साल निवासी ढांचाभवन की बदमाश शेखर उर्फ टंटा पिता नाथुसिंह वर्मा निवासी रतन एवेन्यू ने सीने पर चाकू मार हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में मृतक को अस्पताल लेकर जाने वाले योगेश गुर्जर की शिकायत पर बदमाश के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया था। घटनाक्रम पुराने विवाद में होना सामने आया था। थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने हत्या करने वाले बदमाश की गिरफ्तारी के लिये एसआई राजाराम चौहान, आरक्षक आनंद मिश्रा, संदीप, सुनील, अर्जुन और धर्मेन्द्र की टीम बनाई थी। बदमाश की लगातार तलाश जारी थी। बुधवार को खबर मिली कि बदमाश अपने घर आया हुआ है। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। एसआई राजाराम चौहान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ करने पर सामने आया कि वह हत्या के बाद महाराष्ट्र भाग गया था। उससे हत्या में प्रयुक्त चाकू के संबंध में जानकारी जुटाई तो उसने उद्योगपुरी क्षेत्र की झाड़ियों में फेंकना कबूल किया। पुलिस उसे उद्योगपुरी क्षेत्र लेकर पहुंची, जहां से उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में पड़ा चाकू बरामद कर लिया गया। दोपहर बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार बदमाश शेखर के खिलाफ पूर्व में भी 18 अपराध दर्ज है। मृतक केवल उसका साथी था, उस पर भी 10 अपराधिक मामले दर्ज थे। दोनों के बीच शराब पीने के बाद विवाद हुआ था। जिसके चलते नशे में शेखर ने सीने में चाकू घोंप दिया था।
72 घंटे बाद गिरफ्त में आया हत्या का आरोपी झाडियों में चाकू फेंक महाराष्ट्र भाग निकला था बदमाश