25 हजार वेतन का लालच देकर खुलवाया खाता:उज्जैन में दो आरोपी गिरफ्तार; साइबर ठगी में किया अकाउंट का इस्तेमाल

उज्जैन \नौकरी और हर महीने 25 हजार रुपए वेतन देने का झांसा देकर 18 साल के युवक का बैंक खाता खुलवाया गया। आरोपियों ने एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और खाते से जुड़ा सिम कार्ड अपने पास रख लिया। बाद में खाते का इस्तेमाल संदिग्ध लेनदेन के लिए किया गया। मामले में चिमनगंज मंडी पुलिस ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मंगलवार रात करीब 9 बजे कार्रवाई की जानकारी दी।

दूसरों के खातों से छिपाते हैं साइबर अपराध की रकम

साइबर अपराध की दुनिया में ऐसे बैंक खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। इनमें खाताधारक कोई और होता है, जबकि खाते का संचालन दूसरे लोग करते हैं। साइबर ठगी की रकम इन खातों में जमा कराकर आगे ट्रांसफर या निकाली जाती है, ताकि वास्तविक आरोपियों की पहचान छिपी रहे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित पटेल (24), निवासी तिरुपति सॉलिटेयर और राहुल बैरागी (21), निवासी राज रॉयल कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर खाते में हुए लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। कार्रवाई थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के नेतृत्व में की गई।

हर महीने 25 हजार रुपए का लालच दिया

पुलिस के अनुसार, फरियादी वेदांत पाराशर की करीब दो महीने पहले रोहित पटेल और राहुल बैरागी से मुलाकात हुई थी। दोनों ने उसे कलेक्शन का काम दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले हर महीने 25 हजार रुपए वेतन और बैंक खाता खुलवाने पर 5 हजार रुपए देने का लालच दिया।

आरोपियों ने वेदांत के आधार कार्ड में पता बदलवाया और 27 अगस्त 2026 को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की फ्रीगंज शाखा में खाता खुलवाया। इसके बाद एटीएम कार्ड, पिन, पासबुक, चेकबुक और खाते से जुड़ा मोबाइल सिम अपने पास रख लिया।

क्रिप्टोकरेंसी कारोबार का दिया हवाला

आरोपियों ने युवक से कहा कि खाते का इस्तेमाल इंटरनेशनल मार्केट में क्रिप्टोकरेंसी कारोबार और बड़े व्यापारियों के लेनदेन के लिए होगा। युवक को खाते में जमा और निकासी की जानकारी नहीं थी। कुछ समय बाद बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर उसे संदिग्ध लेनदेन का पता चला।

19 अक्टूबर को खाते में 37,500 रुपए, 35 हजार रुपए और 25,489 रुपए समेत कई लेनदेन हुए। 21 अक्टूबर को शाम 6:54 से 6:58 बजे के बीच चार बार में एटीएम से 37 हजार रुपए निकाले गए।

युवक ने आरोपियों से बैंक के दस्तावेज और एटीएम कार्ड वापस मांगे। इस पर रोहित ने उसे धमकाते हुए कहा कि खाता उसके नाम पर है, इसलिए वही फंसेगा। इसके बाद दोनों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment