April 27, 2024

छोटी कलमेर से राजेन्द्र मौर्य ने दर्ज की जीत, जमुनिया खुर्द में हो गया विवाद

इंदौर। जिले की देपालपुर जनपद पंचायत की 109 ग्राम पंचायतों के लिए शनिवार को मतदान हुआ। इस जनपद में पहले ही 6 पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। वहीं देर रात तक कई ग्राम पंचायतों के परिणाम सामने आ गए, वहीं कई ग्राम पंचायतों के परिणाम आना बाकी हैं। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले और यहां से कांग्रेसी विधायक विशाल पटेल के गढ़ छोटी कलमेर में भाजपा ने सेंध लगा दी।
छोटी कलमेर ग्राम पंचायत से भाजपा समर्थित राजेन्द्र गुड्‌डू मौर्य ने जसवंत चन्द्ररसिंह मौर्य को पराजित किया।
फुलान से भाजपा समर्थित मंजूबाई ने जीत दर्ज की।
अत्याना ग्राम पंचायत से निर्दलीय दशरथ सिंह मौर्य ने जीत दर्ज की।
आगरा ग्राम पंचायत से मनोज छाड़िया ने 200 से अधिक मतों से जीत दर्ज की।
इंदौर जनपद पंचायत चुनाव मेंजामनिया खुर्द में दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके पूर्व जामनिया खुर्द में दो मतदान केंद्रों पर जब दोपहर 3 बजे मतदान का समय खत्म हुआ और वहां लाइन में लगे मतदाताओं को टोकन दिए गए। एक केंद्र पर 180 व दूसरे केंद्र पर 235 लोगों को टोकन देने के कारण देर शाम तक मतदान ही चलता रहा। इसके बाद मतदान में जुटे कर्मचारियों ने भोजन किया। इस दौरान गांव के ही दो पक्षों के लोग शराब पीकर आए और परिसर में उनका आपस में विवाद हो गया। इस दौरान काफी मारपीट हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। इन कारणों के चलते मतगणना देरी से शुरू हुई।
रात 11.30 बजे तक की स्थिति के अनुसार असरावद खुर्द में ललिता रावत, उमरिया खुर्द में आशा ठाकुर, जम्बूर्डी हप्सी में राधेश्याम मेडा, बड़ी कलमेर में शकुंतला, बिहाडिया में पल्लवी यादव, बुढ़ानिया में रीना पति राजेश, लिम्बोदा गारी में कमलसिंह चुनाव जीते हैं। ये सभी भाजपा समर्थित हैं।