April 27, 2024

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज अपने जन्मदिन पर भेल के जंबूरी मैदान पौधारोपण करेंगे। शनिवार शाम पांच बजे यह कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर सीएम शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि विकासोन्मुखी नेतृत्व, प्रशासनिक कौशल और विनम्रता ने उन्हें अनगिनत लोगों का दुलारा बनाया है। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं। सीएम शिवराज ने ट्वीट कर लिखा, मध्य प्रदेश की प्राणदायिनी मां नर्मदा की जयंती पर गत वर्ष मैंने प्रतिदिन एक पौधा लगाने का संकल्प लिया था और साथ ही लोगों से आह्वान किया था कि किसी भी शुभ अवसर पर पौधा अवश्य लगाएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ट्वीट कर लिखा- शुभकामनाएं। आपके कुशल नेतृत्व में हमारा मध्य प्रदेश आत्मनिर्भर होने के साथ ही विकास पथ पर तेज़ गति से अग्रसर है। प्रदेश सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं से जनता का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। गृहमंत्री डा नरोत्तम मिश्रा ने भी ट्वीट कर लिखा ‘जनता ही जनार्दन’ को ध्येय मानकर राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाने वाले प्रदेश के ऊर्जावान और जनप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।