गांधी पर फिर विवादित बयान: जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर ने बापू को बताया गंदगी

गाजियाबाद। कालीचरण महाराज के बाद अब जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर विवादित बयान दिया है। यति नरसिंहानंद ने गांधी को गंदगी बताया। उन्होंने हरिद्वार से एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि हमने तय किया था कि गांधी के बारे में नहीं बोलेंगे, लेकिन आज मजबूरी है।
गांधी नाम की गंदगी के कारण कालीचरण महाराज को जिन्होंने गिरफ्तार किया है, उनका मां काली और महादेव समूल नाश करेंगे। नरसिंहानंद गिरि ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने बहुत ही बेशर्मी भरा काम किया है।
बता दें कि यति नरसिंहानंद गाजियाबाद के डासना देवी मंदिर के महंत हैं। 6 दिसंबर को उन्होंने शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी का धर्मांतरण कराया था। साथ ही रिजवी को नया नाम जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी दिया था।
हरिद्वार में यति नरसिंहानंद के साथ कई साधु-संत भी थे, जो कालीचरण महाराज की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे।
हरिद्वार में यति नरसिंहानंद के साथ कई साधु-संत भी थे, जो कालीचरण महाराज की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे।

कालीचरण महाराज ने जो कहा उससे मैं 100 फीसदी सहमत

नरसिंहानंद गिरि ने कहा कि गांधी के बारे में कालीचरण महाराज ने जो कहा हम उससे सौ फीसदी सहमत हैं। सभी परिस्थितियों में हम कालीचरण महाराज के साथ हैं। हम आशा करते हैं कि जल्द उनकी जमानत होगी और वह बाहर आ जाएंगे, लेकिन अगर उनकी जमानत में देरी की गई, तो हम लोग वहां जाकर उनके लिए संघर्ष करेंगे।

छग सीएम के आवास पर आमरण अनशन करेंगे

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के आवास पर जाकर आमरण अनशन करेंगे। उन्होंने कहा- मैं सभी संतों, भक्तों से कहना चाहता हूं कि कालीचरण महाराज का साथ दीजिए। हर उस व्यक्ति का साथ दीजिए, जो धर्म के लिए लड़ रहा है।