April 26, 2024

ब्रह्मास्त्र भोपाल। शिवराज सरकार ने कल शाम विभिन्न निगमों और मंडलों में नियुक्तियां कर दी , इसमें खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा कांग्रेस से भाजपा में आकर उनकी सरकार बनाने वाले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का दबदबा है। एक साल 9 महीने इंतजार के बाद शिवराज सरकार में राजनीतिक नियुक्तियां कर दी गई हैं। सरकार ने निगम-मंडलों के 16 अध्यक्ष और 9 उपाध्यक्षों की सूची शुक्रवार शाम को जारी कर दी। इसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के 5 समर्थकों को जगह मिली है। उनकी कट्‌टर समर्थक इमरती देवी डबरा से विधानसभा उपचुनाव हारी थीं। इमरती को लघु उद्योग निगम का अध्यक्ष बनाया गया है। इससे साफ है कि सरकार में सिंधिया का दबदबा कायम है। यही वजह है कि इमरती देवी के अलावा गिर्राज दंडोतिया, जसवंत जाटव, मुन्ना लाल गोयल और रघुराज कंसाना को भी निगम अध्यक्ष बनाया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कोटे से 6 नेताओं को सरकार में राजनीतिक पद मिले हैं। कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थामने वाले एंदल सिंह कंषाना व रणवीर जाटव भी उपचुनाव हार गए थे, लेकिन वादे के मुताबिक उन्हें सरकार में जगह दी गई है। इसी तरह, संघ की पृष्ठभूमि से आए आशुतोष तिवारी भी शिवराज कोटे से हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष बने। सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को उनके दो समर्थकों को पद देकर खुश किया है। शैलेंद्र शर्मा को मप्र कौशल विकास एवं राेजगार बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। हालांकि, पार्टी के एक नेता के मुताबिक शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की तरफ से भी सिफारिश की गई थी। बोर्ड में उमा भारती के कट्‌टर समर्थक नरेंद्र बिरथरे को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के करीबी विनोद गोटिया को मप्र पर्यटन विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया है।
निगम-मंडलों में 2018 से नियुक्तियां नहीं हुई थीं। कमलनाथ ने अपनी सरकार जाते-जाते कुछ जगहों पर नियुक्तियां कर दी थीं। 23 मार्च 2020 में शिवराज सरकार आने के बाद बाकी की जगहों पर नियुक्तियां अटकी रहीं।