April 26, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। जूनी इंदौर क्षेत्र में दूधवाले पर हमला करने से पहले चार हमलावरों को लोगों ने पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। एक मौके से भाग गया। बताया जा रहा है कि दूधवाले ने लॉकडाउन के दौरान बंदी के बकाया 900 रुपए एक व्यक्ति से मांगे तो वह आगबबूला हो गया और साथियों को बुलाकर हमला करने की कोशिश की
पुलिस ने बताया कि हमलावरों के नाम कैलाश, यशवंत, विकास, संतोष और गौरव हैं। दरअसल हम्माल कॉलोनी एरोड्रम क्षेत्र के दूधवाले सुमित चौधरी को एक हमलावर से दूध की बंदी के लॉकडाउन के समय से 900 रुपए लेने थे, जो कल भक्तिप्रिया आश्रम के सामने नाश्ते की दुकान पर मिल गया। उसने बकाया रुपए मांग लिए। इस पर दोनों में विवाद हुआ तो हमलावर ने अपने रिश्तेदारों और साथियों को बुला लिया। एक साथी चाकू लेकर मौके पर आया था। हंगामा और विवाद होते देख लोगों ने चार आरोपियों को पकड़ लिया। एक आरोपी फरार हो गया, जिसका नाम गौरव बताया जा रहा है। वह छत्रीपुरा का रहने वाला है। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड होने की बात भी पुलिस को पता चली है। पुलिस ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की है।