April 26, 2024

ब्रह्मास्त्र इन्दौर। बेंगलुरु से दिल्ली जा रही विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट में एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर फ्लाइट की देवी अहिल्या बाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। जिसके बाद यात्री को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। मगर अस्पताल में डॉक्टरों ने यात्री की मौत की पुष्टि कर दी। इस मामले में एरोड्रम पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
फ्लाइट में हुई तकलीफ: एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट बेंगलुरु से दिल्ली जा रही थी। इस दौरान मनोज अग्रवाल नामक एक यात्री को सांस लेने में परेशानी होने लगी। उन्होंने फ्लाइट स्टाफ को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद विमान चालक ने इंदौर एयरपोर्ट से संपर्क कर इसकी सूचना दी और फ्लाइट इंदौर डायवर्ट हुई। इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग गुरुवार रात को हुई। एयरपोर्ट प्रबंधन की माने तो यात्री को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उन्हें एयरपोर्ट से तत्काल समीप के निजी अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी मौत की पुष्टि कर दी। इधर, एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार एयरलाइंस कंपनी मनोज अग्रवाल की फेमिली के साथ कोआॅर्डिनेट कर रही है। शव को चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली भेजने की बात भी कहीं जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
एरोड्रम पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक मनोज (50) पिता ओमप्रकाश अग्रवाल निवासी अशोक विहार नार्थ वेस्ट दिल्ली के रहने वाले थे। रात करीब 12 बजे बाठिया अस्पताल की सूचना पर मर्ग कायम किया गया है। यह फ्लाइट से दिल्ली जा रहे थे तभी फ्लाइट में उनकी तबीयत खराब होने पर इमरजेंसी लैंडिंग कर उन्हें बाठिया अस्पताल लाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।