April 26, 2024

उज्जैन। मंगलवार शाम को पुत्री के साथ घर जा रही महिला की स्कूटी देवास रोड पर पंचर हो गई, महिला पंचर गाड़ी को धकेल कर ले जा रही थी। तभी पीछे से बाइक पर आए बदमाश महिला के गले से ढाई तोले सोने की चेन छीन कर ले गया। मां- बेटी वारदात के बाद शोर मचाती रही पर उनकी मदद के लिए कोई नहीं आया। इस बीच बदमाश वहां से भाग निकला। इसके बाद महिला ने माधवनगर थाने में शिकायत की। इस पर पुलिस ने बुधवार सुबह देवास रोड के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए हैं। जिसमें एक बदमाश वारदात कर भागते हुए नजर आ रहा है। इस आधार पर पुलिस बदमाश की तलाश कर रही है। माधव नगर थाना पुलिस ने बताया कि आजाद नगर में रहने वाली सुमन  पति राकेश गहलोत उम्र 40 मंगलवार शाम को अपनी बेटी समीक्षा के साथ रामी नगर में रहने वाले भाई के घर गई थी, वापस लौटते समय उनकी बाइक पंचर हो गई। जिसे वह धक्का देकर ले जा रही थी। तभी अज्ञात बदमाश ने पीछे से झपट्टा मार उसके गले से चेन छीन ली। महिला के अनुसार चेन की कीमत एक लाख से अधिक की है।