देवास।जिले में चंदन तस्करों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। हाईवे किनारे स्थित एक खेत से बीते पांच दिनों के भीतर अज्ञात बदमाश पांच चंदन के पेड़ काटकर ले गए। लाखों रुपये कीमत के पेड़ों की चोरी के बाद किसान ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।पीड़ित किसान विजय सिंह ने बताया कि उनका खेत हाईवे से लगा हुआ है। पिछले पांच दिनों के दौरान अज्ञात तस्कर रात में खेत में घुसे और एक-एक कर पांच चंदन के पेड़ काटकर फरार हो गए। सुबह खेत पर पहुंचने पर उन्हें चोरी का पता चला।किसान के मुताबिक चोरी हुए चंदन के पेड़ों की कीमत लाखों रुपये है। उन्होंने पुलिस थाने में आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है और जल्द कार्रवाई की मांग की है।विजय सिंह का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चंदन के पेड़ चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका आरोप है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चंदन तस्करों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
हाईवे किनारे खेत से पांच चंदन के पेड़ चोरी: पुलिस से शिकायत कर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग