स्मार्ट मीटर के विरोध में वार्ड 14 एवं 15 के लोगों ने किया प्रदर्शन

आरोन। अयोध्या बस्ती के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर स्थानीय रहवासियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। पार्षद अजुद्वी बाई एवं पार्षद धर्मेंद्र बुनकर के नेतृत्व में महिलाओं और पुरुषों ने एकजुट होकर विद्युत मंडल कार्यालय में आवेदन दिया तथा एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर बिना पूर्व सूचना के लगाए जा रहे हैं, जिससे आमजन में असमंजस और आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। वार्डवासियों का कहना है कि मीटर लगाने से पहले किसी प्रकार की जानकारी या सहमति नहीं ली गई, जबकि ठेकेदार और संबंधित कर्मचारी सीधे घरों पर पहुंचकर मीटर लगाने का दबाव बना रहे हैं। इसी विरोध को लेकर महिलाओं और पुरुषों ने तहसील परिसर पहुंचकर सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि जब तक स्मार्ट मीटर को लेकर स्पष्ट जानकारी और सहमति नहीं बनती, तब तक इन्हें जबरन न लगाया जाए। वार्डवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर कुछ लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि कोई मीटर लगवाने से मना करता है तो उसके साथ अभद्र व्यवहार और धमकी दी जाती है।
इस संबंध में वार्ड 14 और 15 के नागरिकों ने आरोन थाने में भी आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि मीटर नहीं लगवाने पर गाली-गलौज और धमकी दी जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शन के दौरान पार्षद धर्मेंद्र बुनकर और अजुद्वी बाई ने प्रशासन से मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पारदर्शी और जनसहमति से की जाए तथा ठेकेदारों की मनमानी पर रोक लगाई जाए। साथ ही, आम नागरिकों के साथ किसी भी प्रकार की धमकी या दुर्व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई की जाए। वार्ड के महिलाओं और पुरुषों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए, तो आगे भी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। -04

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment