ब्रह्मास्त्र उज्जैन
बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्वगायक जुबिन नौटियाल शुक्रवार को भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे। जुबिन ने नंदी हॉल से भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे शिव भक्ति में लीन नजर आए।
तड़के करीब चार बजे जुबिन नौटियाल महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की आरती देखी। इस दौरान वे आरती में मंत्रमुग्ध दिखाई दिए। आरती के पश्चात जुबिन ने देहरी से भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया और अपने होने वाले टूर के लिए भगवान महाकाल से प्रार्थना की।
जुबिन महाकाल के बड़े भक्त हैं। करीब दो वर्ष पहले भी वे महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए थे। उस दौरान उन्होंने भजन भी सुनाया था। दर्शन के बाद महाकाल मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष पलवाडिया ने जुबिन को दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया। दर्शन के बाद जुबिन नौटियाल ने मंदिर की दर्शन व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि वे चौथी बार महाकाल दर्शन के लिए पहुंचे हैं। भगवान महाकाल के प्रति श्रद्धा देखकर वे अभिभूत हो जाते हैं।
