शहर में कानून व्यवस्था का उड़ रहा मजाक, खुले- आम लहराई पिस्टल, पुलिस कार्यवाही में उल्लेख नहीं

शुजालपुर। मंडी थाना क्षेत्र के अकोदिया मार्ग पर शनिवार की दोपहर को एक ही परिवार के दो पक्षों में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने एक पक्ष के तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां न्यायाधीश ने जानलेवा हमला करने के इन आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस द्वारा पकडे गए उक्त आरोपियों के परिजनों ने कई घंटों तक पुलिस थाने पर धरना प्रदर्शन भी किया और आरोप लगाया कि 85 वर्ष के जो वृद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने आए थे उन्हे ही गिरफ्तार कर लिया गया, उधर पुलिस का कहना है कि जिनकी गिरफ्तारी हुई है वे विवाद में मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे और उनके विरूद्ध शिकायत भी दर्ज हुई है। हालांकि पुलिस पर इस मामले में भेदभाव का आरोप भी लगाया जा रहा है। अकोदिया रोड पर तहसील की और जाने वाले मार्ग के पास हुए इस विवाद के वीडियों भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है, जिसमें खोफनाक तस्वीरे सामने आ रही है, आम मार्ग पर तलवार और लकड़ी सहित अन्य हथियार खुलकर चल रहे है। बता दे पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। जिसमें से एक पक्ष के विरूद्ध गंभीर धाराएं है। इस विवाद में भाजपा समर्थित एक पार्षद भी शामिल होने से मामला और तुल पकड़ रहा है। मंडी पुलिस से मिली जानकारी अनुसार एक पक्ष के सादाब पिता हफीज खां निवासी टीला शुजालपुर की शिकायत पर लल्लू पिता रसूल खां, समीर पिता लल्लू, हसीन पिता रसूल खां, वसीम पिता रसीद खां, आसू खां उर्फ ओसामा पिता प्यारे खां तथा रसूल खां पिता चांद खां के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया। उधर दूसरे पक्ष के फरियादी रसूल पिता चांद खां 85 वर्ष निवासी वन विभाग कार्यालय के पास की शिकायत पर साहिल पिता सईद, हफीज पिता मोहम्मद खां, सादाब पिता हफीज खां व सईद पिता मोहम्मद खां के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उक्त विवाद के मामले में तीन आरोपी रसूल खां, आसू उर्फ ओसामा एवं वसीम पिता रसीद खां को गिरफ्तार किया है।
अकोदिया रोड पर हुए विवाद के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। घटना स्थल पर पिस्टल लेकर युवक आने की जानकारी आज वीडियों सामने आने के बाद मिली है, इस संबंध में आगामी कार्यवाही की जाएगी। दोनों पक्षों की और से की गई शिकायत में पिस्टल लहराने या उससे धमकाने का कोई उल्लेख नहीं हुआ। तेजप्रकाश बोहरे उपनिरीक्षक पुलिस थाना मंडी

 

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment