भस्म आरती में शामिल हुए, त्रिपुण्ड लगाकर महाकाल का जाप करते नजर आए विराट
ब्रह्मास्त्र उज्जैन
भारत-न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में खेले जाने वाले मैच से पहले भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और कुलदीप यादव उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों ने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
रविवार को होने वाले मैच से पहले विराट कोहली और कुलदीप यादव करीब चार बजे भस्म आरती के लिए महाकाल मंदिर पहुंचे। करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर आरती देखी। इस दौरान दोनों भगवान महाकाल का जाप करते नजर आए। विराट ने मस्तक पर चन्दन का त्रिपुण्ड लगा रखा था।
भस्म आरती के पश्चात दोनों ने नंदी जी का पूजन अर्चन कर भगवान महाकाल के देहरी से दर्शन किए। इससे पहले भी विराट और कुलदीप महाकाल मंदिर में दर्शन करने और भगवान का आशीर्वाद लेने आ चुके है। विराट और कुलदीप ने जल अर्पित कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर महाकाल मंदिर समिति की ओर से दोनों का सम्मान किया गया। भारत-न्यूजीलैंड के होने वाले मैच से पहले टीम इंडिया इंदौर पहुंची हुई है। दो दिनों में सबसे पहले टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर, फिर केएल राहुल और शनिवार को विराट कोहली और कुलदीप यादव महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। कुलदीप यादव ने कहा की महाकाल मंदिर आकर बहुत अच्छा लगा, क्रिकेट के साथ-साथ अपनी लाइफ में भी अच्छा करते रहे, भगवान महाकाल का आशीर्वाद सब पर बना रहे बस यही मांगा है।