ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर की बेटी भूमि अग्रवाल ने साउथ अफ्रीका में आयोजित मॉडर्न पेंटाथलॉन वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए चार पदक अपने नाम किए। एक ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चार पदक जीतने वाली वह मध्यप्रदेश की एकमात्र खिलाड़ी बन गई हैं। रविवार को इंदौर लौटने पर कॉलोनीवासियों ने हार-फूल, आतिशबाजी और जुलूस निकालकर उनका जोरदार स्वागत किया।
भूमि ने पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने व्यक्तिगत बायथल में स्वर्ण, ट्राइथल में रजत, जबकि बायथल मिक्स्ड रिले और ट्राइथल मिक्स्ड रिले में कांस्य पदक जीते। ये पदक इसलिए भी खास हैं क्योंकि पेंटाथलॉन अन्य खेलों की तुलना में अधिक कठिन और तकनीकी माना जाता है।
बायथल और ट्रायथल इवेंट क्यों हैं चुनौतीपूर्ण- बायथल इवेंट में पहले 800 मीटर दौड़, फिर 100 मीटर तैराकी और इसके बाद दोबारा 800 मीटर दौड़ पूरी करनी होती है। वहीं ट्रायथल में स्विमिंग, साइक्लिंग और रनिंग शामिल होती है। शिशुकुंज स्विमिंग एकेडमी की भूमि ने इंदौर में हुई नेशनल बायथल प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पदक जीते थे, जिसके आधार पर उनका चयन अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के लिए हुआ।
जनप्रतिनिधियों की अनदेखी पर परिवार को अफसोस- भूमि की मां मेघा और पिता गोविंद अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि बेटी इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करेगी। भूमि पढ़ाई में भी हमेशा 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाती रही हैं। परिवार को इस बात का दुख है कि इतनी बड़ी सफलता के बावजूद जनप्रतिनिधियों ने आशीर्वाद तक नहीं दिया, जबकि रविवार को मुख्यमंत्री सहित कई नेता इंदौर में मौजूद थे।
