\
उज्जैन, 13 मई 2025 – उज्जैन की छात्र राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले और माधव कॉलेज में महामंत्री एवं सेवादल अध्यक्ष रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री अरुण वर्मा का आज दुखद निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार वे बुरहानपुर में अपनी पुत्री के पास गए थे, जहां मंगलवार दोपहर अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि कुछ वर्षों पूर्व भी उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
उनकी पुत्री की नगर निगम में अनुकंपा नियुक्ति कोर्ट के आदेश पर हाल ही में हुई थी।
कांग्रेस नेता विवेक यादव ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि श्री वर्मा पार्टी के समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं में से एक थे। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी सहित समस्त राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।
उनकी पार्थिव देह को उज्जैन लाया जा रहा है, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।
