उज्जैन। महाराष्ट्र के बुलढाना से 6 जुलाई को सेना से रिटायर्ड 74 वर्षीय सीताराम पुंडलिक लापता हो गये थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पिछले 10 दिनों से उनका मोबाइल अलग-अलग जगह आन हो रहा था। परिजन लोकेशन मिलने पर उनका पता लगाने के लिये पहुंच रहे थे। गुरूवार को उनकी लोकेशन उज्जैन में महाकाल मंदिर के आसपास मिलने पर परिजन तलाश में उज्जैन पहुंचे। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल से संपर्क कर जानकारी दी थाना प्रभारी ने हमेशा की तरह लापता लोगों की तलाश करने वाले एएसआई चंद्रभानसिंह चौहान को कमान सौंपी, सीताराम पुंडलिक का मोबाइल ट्रेस किया गया, लेकिन बंद मिला। उनकी तलाश में मंदिर के आसपास होटल-लॉज और धर्मशाला में सर्चिंग शुरू की गई। पता चला कि वह मंदिर के आसपास दिखाई दिये थे। इस दौरान पुलिस उनका मोबाइल लगातार ट्रेस करने का प्रयास कर रही थी। उनकी आखिरी लोकेशन बहादूरगंज क्षेत्र की धर्मशाला के पास मिली। एएसआई चंद्रभान टीम के साथ पहुंचे और क्षेत्र की धर्मशाला में फोटो दिखाकर जानकारी मांगी, पाटीदार धर्मशाला में आईडी चैक करने पर उनके ठहरे होने का पता चल गया। थाना प्रभारी बादल ने बताया कि सीताराम जी परिवार से नाराज होकर घर से निकले थे। 10 दिनों से तलाश कर रहे परिवार ने उज्जैन पुलिस द्वारा उनको सुरक्षित खोज निकालने पर आभार माना और प्रशंसा की। परिवार उन्हे अपने साथ महाराष्ट्र ले गया है।
महाराष्ट्र से लापता बुजुर्ग को उज्जैन पुलिस ने खोजा