मथुरा-महाराष्ट्र से चुराकर लाया था उज्जैन, बेचने की फिराक में था चैकिंग में बदमाश के पास मिले चोरी के 5 मोबाइल

उज्जैन। मथुरा-महाराष्ट्र से मोबाइल चुराकर उज्जैन बेचने की फिराक में आये बदमाश को चैकिंग में जीआरपी की टीम ने दबोच लिया। उसके पास से पांच मोबाइल बरामद किये गये, जिसकी कीमत 1 लाख से अधिक सामने आई है।
जीआरपी थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर टीम लगातार प्लेटफार्म पर चैकिंग अभियान चला रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर ही है। रात में चैकिंग के दौरान पता चला कि प्लेटफार्म क्रमांक 8 आउटर क्षेत्र में एक व्यक्ति नीले रंग का बैग लेकर खड़ा है जिसके पास कुछ मोबाइल है। टीम आउटर की ओर पहुंची तो उक्त व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया और पटरियों के पास छुमछुम बाबा की दरगाह तक पहुंच गया, शंका होने पर टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसके बेग की तलाशी ली गई तो उसमें से 5 मोबाइल फोन मिले। पूछताछ करने पर उचित जवाब नहीं मिला तो उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। जहां सख्ती करने पर उसने अपना नाम राहुल पिता कानिफनाथ कांबले 44 साल निवासी पूणे महाराष्ट्र बताया। मोबाइल संबंधित जानकारी लेने पर उसने कबूल किया कि मथुरा और महाराष्ट्र से चुराकर लाया है। यहां कम कीमत में बेचने का इरादा था। थाना प्रभारी गुप्ता के अनुसार चोरी के मोबाइल बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ धारा 35 (1), (ई), 106 और 303 (2) बीएनएस का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
24 घंटे में पकडा भोपाल का बदमाश
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल चोरी में शामिल एक बदमाश को आरपीएफ टीम की मदद से 24 घंटे में गिरफ्तार किया। बदमाश भोपाल का रहने वाला अनीस पिता नासिर खान है। 30 अगस्त की रात उसने ट्रेन में चढ़ते समय उत्तरप्रदेश के हापुड में रहने वाले यात्री वीरू सूद की जेब से 20 हजार कीमत का मोबाइल चोरी कर लिया था। जिससे मोबाइल बरामद किया गया है। ट्रेन में यात्रियों मोबाइल चोरी करने वाले 2 अन्य बदमाश गणेश पिता लक्ष्मण पलहाड़ निवासी आसेगांव महाराष्ट्र और लाखन पिता रमेशचंद्र परिहार निवासी सिंगावदा देवास को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। जिनसे चोरी किये मोबाइल जप्त कर लिये गये है।
सिहोर के बदमाश की 2017 से थी तलाश
जीआरपी टीम को ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले बदमाश धर्मराज पिता प्रद्युमन सेन निवासी सिहोर की 2017 से तलाश थी। उसे भी सोमवार देर शाम सिहोर से गिरफ्तार कर उज्जैन लाया गया। जीआरपी ने बताया कि आरोपी पूर्व में पकड़ा गया था, उसे न्यायालय ने जमानत पर रिहा किया था, लेकिन वह कोर्ट पेशी पर उपस्थित नहीं हो रहा था। उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका था। उसके बाद से तलाश जारी थी। बदमाश को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment