उज्जैन। शांति पैलेस चौराहे पर पुल निर्माण के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा शनिवार को दोपहर करीब 1.30 बजे सरियों के बीच दबने से हुआ है।इंदौर-उज्जैन फोरलेन को सिक्सलेन में बदलने का काम चल रहा है। यहां रवि इंफ्राबिल्ड प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है।काम के दौरान झारखंड निवासी मजदूर अशोक पिलर पर लोहे का जाल (सरिया) बिछा रहा था, तभी वह सरियों के बीच दब गया।उस वक्त पिलर पर चार से पांच मजदूर काम कर रहे थे। अशोक के सहकर्मी विष्णु ने बताया कि अचानक संतुलन बिगड़ने से अशोक सरियों में फंस गया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।गैस कटर से सरिए काटकर बाहर निकाला-घटना स्थल नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में आता है, लेकिन सूचना मिलने पर नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गैस कटर की मदद से सरियों को काटकर अशोक को बाहर निकाला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।नीलगंगा थाना प्रभारी टी. तरुण कुरिल ने बताया कि ब्रिज निर्माण के दौरान एक मजदूर सरियों में फंस गया था। उसे बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। जहां उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।”
ब्रिज निर्माण के दौरान मजदूर की मौत:पिलर पर काम के दौरान संतुलन बिगड़ा; गैस कटर से सरिए काटकर बाहर निकाला