बिजली कंपनी का दावा:हादसे के वक्त चार्ज हो रही थी कार, मीटर डेटा बता रहा- रोज रात 11 से 3 होती थी चार्जिंग

इंदौर।ब्रजेश्वरी एनेक्स में पुगलिया परिवार के घर लगी आग के कारणों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बिजली कंपनी, इलेक्ट्रिक सेफ्टी और कार कंपनी की तीन टीमें जांच के लिए शुक्रवार को पहुंची। बिजली कंपनी का दावा है कि स्मार्ट मीटर का लोड पैटर्न बताता है कि पुगलिया के घर रोज रात 11 बजे ईवी कार की चार्जिंग शुरू होती थी। यह रात 3 बजे ऑटो कट से बंद हो जाती थी।कई बार ऑटो कट के 15 मिनट बाद फिर चार्जिंग शुरू हो जाती थी। घटना वाले दिन (18 मार्च) को भी ऑटो कट के बाद फिर से चार्जिंग शुरू हो गई। मीटर रिकॉर्ड के मुताबिक, करीब 3:45 बजे तक ज्यादा लोड दर्ज किया गया। इधर, ईवी कार कंपनी के एक्सपर्ट्स और इलेक्ट्रिक सेफ्टी एक्सपर्ट्स ने भी जांच कर तथ्य जुटाए। मालूम हो कि कारोबारी मनोज पुगलिया के घर बुधवार को हुए हादसे में परिवार के 8 लोग जिंदा जल गए थे।

हर 15 मिनट का डेटा मिलता है-जांच करने पहुंचे बिजली कंपनी के डीई डीके तिवारी ने बताया कि स्मार्ट मीटर से सिस्टम पर हर कनेक्शन का 15-15 मिनट का डेटा मिलता है। पुगलिया के 15 दिन का डेटा एनालिसिस किया। घर का लोड 3-4 किलोवाट था। रात 11 बजे यह 7 किलोवाट तक पहुंच जाता था। आग लगने के बाद भी पूरे मोहल्ले की लाइट चालू थी। सूचना पर सुबह 4.20 बजे लाइट बंद की गई। यदि खंभे में फॉल्ट होता तो पूरे मोहल्ले की लाइट बंद हो जाती।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment