इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार सुबह गली नंबर 3 में हुई।शोर-शराबा और अनहोनी की आशंका होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान एकनाथ वाघ (43) के रूप में हुई है, जिसने घर के भीतर फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।वहीं, घर के दूसरे हिस्से में पत्नी रोहिणी (38) का शव भी संदिग्ध हालत में बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी कलह और उसके बाद उपजे आवेश का परिणाम नजर आ रहा है। आशंका है कि एकनाथ ने सो रही पत्नी का मुंह दबाकर उसकी हत्या की। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक आस-पड़ोस के लोगों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद की वजह को लेकर सटीक जानकारी जुटाई जा सके।