निगरानी बदमाश की कार में मिली जहरीली शराब

उज्जैन। बिना नंबर की महिंद्रा कार में अवैध शराब लेकर जा रहे निगरानी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाश के खिलाफ 15 अपराधिक मामले दर्ज होना सामने आये है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के मामले में कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया है।
बड़नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि कस्बा भ्रमण के दौरान खबर मिली कि बिना नंबर की नीली महिंद्रा कार से अवैध शराब लाई जा रही है। भ्रमण पर एसआई सुरेन्द्र सिंह गरवाल, एएसआई नारायण सिंह वास्कले, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह राठौर, आरक्षक हितेश हाडा, तोलाराम डोडीयार, सैनिक गोवर्धन डाबी के साथ रुनिजा मार्ग पर घेराबंदी की गई। ब्रिज के नीचे नीले रंग की गाड़ी दिखाई देते ही रोका गया और चालक को हिरासत में लेकर कार की तलाशी ली गई। जिसमें सीट के पास छुपा कर रखी गई एक प्लास्टिक की केन बरामद हुई जिसे खोलने पर उसमें हाथ भट्टी पर बनी जहरीली शराब भरी होना सामने आया। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शेर अली उर्फ शैरू पिता मैहर अली 49 साल निवासी ग्राम सुराना थाना बिलपांक जिला रतलाम बताया। थाने लाकर मामले में आबकारी अधिनियम का प्रकरण दर्ज किया गया और महिंद्रा गाड़ी जप्त की गई। चालक का रिकॉर्ड निकालने पर सामने आया कि उसके खिलाफ रतलाम के विभिन्न थानो बिलपांक, आई.ए.रतलाम, माणकचौक रतलाम, नामली रतलाम, स्टेशन रोड रतलाम, डीडी नगर रतलाम एवं थाना उन्हेल उज्जैन में कुल १५ अपराध पंजीबद्ध है । चालक अपराधिक प्रवृत्ति का होकर रतलाम का निगरानी बदमाश है। पूर्व में वह ढाबा संचालित करता था लेकिन उसकी अवैध गतिविधियों के चलते पुलिस द्वारा ढाबा भी तोड़ दिया गया था। बावजूद इसके उसकी अवैध गतिविधियां कम नहीं हुई। अवैध शराब 15 हजार और जप्त की गई गाड़ी 10 लाख कीमत की सामने आई है। बदमाश को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment