दैनिक अवंतिका उज्जैन।
नाग पंचमी पर्व के दौरान 24 घंटे में उमड़े लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के भी दर्शन किए और लड्डू प्रसाद भी खरीदा।
मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि नाग पंचमी पर्व के अवसर पर 8 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने 24 घंटे के अंदर दर्शन किए। इनमें से अधिकांश श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के भी दर्शन का लाभ लिया और बाबा महाकाल का लड्डू प्रसाद भी खरीदा। मंदिर समिति द्वारा खोले गए विभिन्न काउंटरों से 87.335 क्विंटल लड्डू प्रसाद बिकने की जानकारी प्राप्त हुई है। इससे समिति को 41 लाख 28 हजार रुपए की आय भी प्राप्त हुई है। हालांकि लड्डू के निर्माण में समिति का बड़ा खर्च भी होता है। आपको बता दें कि बाबा महाकाल के लड्डू देश और दुनिया भर से उज्जैन में आने वाले श्रद्धालु बड़ी चाह से खरीदते हैं और उसे वितरण के लिए अपने साथ ले जाते हैं।
