उज्जैन। सिंहस्थ की तैयारियों में लगे नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा धुंआधार पारी खेल रहे हैं। शनिवार रात भी उन्होंने पीएचई कंट्रोल रूम पर पहुंचकर टंकियों के पूरे प्रेशर से भरने की स्थिति को जाना था, टंकी प्रभारियों से चर्चा की थी। इसके बाद वे ढाबा रोड चौडीकरण के हाल देखने पहुंचे। मार्ग से मलबा नहीं हटने तथा रीगल टॉकीज़ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का रात्रि के समय कार्य धीमी गति से पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों पर किया 5-5 लाख का जुर्माना ठोका है।नगर निगम में आयुक्त ही पूरे समय सक्रिय नजर आ रहे हैं। हालत यह है कि अन्य अधिकारी मात्र प्रभारी बने हुए हैं और अपने विभागों के कार्यों में गति लाने की स्थिति में भी सक्रिय दिखाई नहीं दे रहे हैं। यही कारण सामने आ रहे हैं कि आयुक्त की सक्रियता के बावजूद परिणाम कमजोर आ रहे हैं। पानी के मामले में भी ऐसा ही कुछ उभरकर सामने आ रहा है।रात 11 बजे कंट्रोल रूम की चेयर पर जा बैठे-निगम आयुक्त द्वारा रात्रि 11 बजे देवास गेट कंटोल रूम में पहुंचे और यहां कुर्सी पर बैठने के साथ उन्होंने अधिकारियों से वन टू वन टंकियों की जानकारी लेना शुरू कर दिया। शनिवार रात को पहली बार टंकी के प्रभारियों को भी जवाब देने से पूर्व विचार करना पडा है। आयुक्त नियमित पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने सभी टंकियों को पूर्ण क्षमता से भरने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कंट्रोल रूम के सप्लाय रजिस्टर में सभी 44 टंकियों में उचित मानक के अनुसार सप्लाय की जांच की। सभी टंकिया अपने लेवल के अनुसार पूर्ण क्षमता प्रेशर के अनुरूप भरने की स्थिति में पायी गई। कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री को निर्देशित किया कि रात्रिकालीन शिफ्ट में सभी टंकी प्रभारी सप्लाई के समय मॉनिटरिंग करें सभी टंकिया उच्च क्षमता के साथ पूर्ण प्रेशर से भरे इस बात का विशेष ध्यान रखें नागरिकों के घरों में शुद्ध पेयजल प्रदान किया जाए।टंकी प्रभारी एवं सम्बन्धित विभाग के कर्मचारी सम्बन्धित क्षेत्रों में लीकेजिंग एवं पानी के अपव्यय को त्वरित निराकरण करें। अवैध नल कनेक्शनों, बकाया बिल राशि, मोटर जब्ती की कार्यवाही कर जुर्माना राशि वसूली कार्यवाही करे। शहर के आंतरिक मार्गों के सभी चौड़ीकरण मार्गों पर जल सप्लाय के दौरान भी पीएचई के अधिकारी मॉनिटरिंग करें, यदि मार्ग में लाइन लीकेजिंग संबंधित कोई समस्या आती है तो उसे त्वरित निराकरण करें ।ढाबा रोड से मलबा ही नहीं हटा था-शनिवार को रात्रिकालीन शिफ्ट में 1 बजे कोयला फाटक से कंठाल, सती गेट,तेलीवाड़ा,टंकी चौक से सत्यनारायण मंदिर, निर्माणाधीन रीगल टॉकीज शॉपिंग कॉम्प्लेक्स कार्य का निरीक्षण करने आयुक्त अभिलाष मिश्रा पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान तेलीवाड़ा चौराहा पर पीक्यूसी सड़क निर्माण कार्य का कार्य प्रचलित मिलने पर गुणवत्ता पूर्वक कार्य के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए गए। ढाबारोड से सत्यनारायण मंदिर तक प्रचलित चौड़ीकरण कार्य के निरीक्षण के दौरान सड़क पर मलबा का ढेर मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित ठेकेदार पर 5 लाख का जुर्माना किया जाने का निर्देश दिया। इसी प्रकार से निर्माणाधीन रीगल टॉकीज शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग का निरीक्षण में रात्रिकालीन शिफ्ट के दौरान कार्य की धीमी गति होने पर सम्बन्धित ठेकेदार पर 5 लाख की पैनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए।इसी के साथ कंठाल एवं सती गेट चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया। कंठाल से सती गेट तक नाली निर्माण कार्य प्रचलित है। रात्रिकालीन शिफ्ट में चौड़ीकरण कार्य के दौरान मलबा हटाने एवं कार्य को गुणवत्तापूर्वक करने के निर्देश प्रदान किए गए। कंठाल चौराहे पर साइड नाली निर्माण कार्य को तीव्र गति से पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए ।
नगर निगम आयुक्त की रात्रिकालीन धुंआधार पारी काम धीमा मिला, दो ठेकेदारों पर 5-5 लाख का जुर्माना ठोका -पीएचई कंट्रोल रूम से लेकर ढाबारोड चौडीकरण एवं रीगल टाकीज शापिंग काम्पलेक्स का काम देखा