उज्जैन। भगवती माता मंदिर बड़नगर के मेले में सोमवार देर शाम दंगल का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रदेशभर के पहलवान आये थे। रात में दंगल खत्म होने के बाद जीते पहलवान के यूट्युबर साथी को हारे पहलवान के साथियों ने विवाद कर चाकू मार दिये।
बताया जा रहा है कि बड़नगर में आयोजित दंगल के दौरान खंडवा से पहलवान राजेश प्रजापति आया था। उसके साथ खंडवा का रहने वाला यूट्युबर अल्ताफ पिता मजीद 36 साल भी खंडवा से आया हुआ था। राजेश का मुकाबला महू के पहलवान ललित कौशल के साथ हुआ। दोनों का मुकाबला होने पर अल्ताफ ने मोबाइल से वीडियो बनाये। दोनों पहलवानों के बीच मुकाबला खत्म होने पर यूट्युबर अल्ताफ के साथी पहलवान राजेश को विजेता घोषित किया गया। राजेश की जीत का जश्न मनाया जा रहा था। इस दौरान हारे पहलवान ललित के साथियों का विवाद जीते पहलवान के साथी यूट्युबर अल्ताफ से हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि अल्ताफ पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू का गहरा घाव पीछे गुप्तांग के पास लगने पर वह लहूलुहान हो गया। उसे बड़नगर अस्पताल ले जाया गया। जहां से आधी रात उसे उपचार के लिये उज्जैन रैफर किया गया। घायल ने बताया कि चाकू से हमला करने वाले देपालपुर के रहने वाले है। जिनके नाम अनुराग, श्रवण, रोहित और अन्य है। चाकू से हमला अनुराग ने किया है। मामले में बड़नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार के अनुसार घायल को उज्जैन रैफर कर दिया गया था, जिसके चलते उसके बयान दर्ज करने के लिये एक टीम उज्जैन भेजी गई है। बयान होने पर मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल मामला जांच में है।
दंगल में विवाद के बाद यूट्युबर को मारे चाकू -खंडवा से आया था बड़नगर, जांच में लगी पुलिस