आॅस्ट्रेलियाई क्रिकेटर की अगले महीने कोर्ट में पेशी तय
ब्रह्मास्त्र सिडनी
आॅस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर पर ड्रिंक एंड ड्राइव का केस दर्ज हुआ है। सिडनी में पुलिस ने उन्हें ब्रीथ टेस्ट के दौरान पकड़ा और गिरफ्तार कर थाने ले गई। अब उन्हें अगले महीने कोर्ट में पेश होना होगा।
यह घटना सिडनी के मारूब्रा इलाके की है, जहां पुलिस रैंडम ब्रीथ टेस्ट कर रही थी। वॉर्नर अपनी कार लेकर टेस्टिंग प्वाइंट से पहले ही रुक गए, लेकिन पुलिस ने उनके पास जाकर जांच की। टेस्ट में वे नशे की हालत में पाए गए। पुलिस वॉर्नर को मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले गई, जहां उनका अल्कोहल लेवल 0.104 रिकॉर्ड हुआ। इसके बाद उन पर ड्रिंक एंड ड्राइव का मामला दर्ज किया गया। वॉर्नर इन दिनों पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। मैचों के बीच मिले ब्रेक में वे आॅस्ट्रेलिया गए थे। अब वे 9 अप्रैल को पेशावर जालमी के खिलाफ मुकाबले से पहले पाकिस्तान लौटने की तैयारी में हैं। यह मैच कराची में खेला जाएगा। वॉर्नर ने 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। उन्होंने आॅस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट, 161 वनडे और 110 टी-20 मैच खेले। तीनों फॉर्मेट में मिलाकर 15 हजार से ज्यादा रन बनाए। संन्यास के बाद भी वार्नर फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल रहे हैं। पिछले सीजन बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के लिए उन्होंने आठ मैच में 433 रन बनाए थे और टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने अगले सीजन के लिए भी टीम के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया है।