इंदौर। बोनस के लालच ने एक युवक को आरोपी बना दिया। उसने टारगेट पूरा करने के लिए अपने ही फोटो पर 84 फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट कर दिए। क्राइम ब्रांच ने उसे बैतूल से दबोच लिया। उसने बोनस की लालच में वारदात करना कबूल किया है। आरोपी ने अपनी बहन और दोस्त के नाम का भी इस्तेमाल उनकी बिना जानकारी के किया।दरअसल, राज्य सायबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में ऑपरेशन FACE के तहत एक ही व्यक्ति के चेहरे का इस्तेमाल कर फर्जी सिम एक्टिवेट करने वाले युवक व POS एजेंट के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने एक टीम बनाई, जिसमें कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन के तहत 3 FACE आइडेंटिफाई किए जो इंदौर शहर से संबंधित थे।कार्रवाई में क्राइम ब्रांच इंदौर ने FACE 1 के आरोपी को शुक्रवार को बैतूल से गिरफ्तार किया, जिसने लगभग 84 फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट किए। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि कार्रवाई करते हुए टेलीकॉम कंपनियों से CAF और संबंधित जानकारी निकालने पर पता चला कि लगभग सभी सिम कार्ड एक्टिवेशन में एक ही व्यक्ति के फोटो का इस्तेमाल किया गया। टीम बैतूल पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़ाए युवक का नाम विपिन मगरदे है।
टारगेट के लिए बना आरोपी:, अपने फोटो पर एक्टिवेट कर दिए 84 सिम कार्ड, बैतूल से गिरफ्तार