पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 100 ग्राम सोना किया जब्त
ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर में भरोसे को तोड़ने का एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां एक ज्वैलरी शॉप की महिला कर्मचारी ने ही दुकान से लाखों के जेवर गायब कर दिए। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
मामला इंदौर के एक रजत ज्वैलर्स का है, जहां पिछले 9 से 10 साल से काम कर रही एक महिला कर्मचारी ने अपने ही मालिक को चूना लगा दिया। आरोपी महिला ग्राहकों को दिखाने के बहाने सोने-चांदी के जेवर लेकर जाती थी। शुरू में वह जेवर वापस कर देती थी, लेकिन धीरे-धीरे उसने लालच में आकर जेवर लौटाना बंद कर दिया। महिला ग्राहकों से पैसे भी वसूलती रही, लेकिन वह रकम ज्वैलर्स को जमा नहीं कराई। इस तरह उसने करीब 50 से 60 लाख रुपए की ज्वेलरी का गबन कर लिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान उसके पास से करीब 100 ग्राम सोने के जेवर भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और बाकी ज्वेलरी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।