कृष्णमृगों को पकडने का काम फिर शुरू,संभागायुक्त पहुंचे आज 153 एवं अब तक 448 कृष्णमृग पकडे गए

 

 

 

उज्‍जैन। बोमा पद्धति से शाजापुर में कृष्ण मृगों को पकडने का काम एक बार फिर से गुरूवार से शुरू हुआ है। एक ही दिन में 153 कृष्ण मृग पकडे गए हैं। अब तक कुल 448 कृष्णमृग पकडे जा चुके हैं। गुरूवार को अभियान का क्रियान्वयन देखने के लिए संभागायुक्त आशीष सिंह भी पहुंचे थे। इस दौरान  शाजापुर जिले के पोलायकलां तहसील के लसूड़िया घाघ एवं निपनिया खुर्द में बोमा लगाया गया। जिसमें उमरीसिंघी, खड़ी, पोलायकला, मोरटा केवड़ी, तलेनी, जरखी, सकरई गाँव से 153 कृष्णमृगों को पकडा गया।

दीपावली से शुरू किए गए अभियान में बारिश के कारण ब्रेक लगा था। करीब 4 दिनों के ब्रेक के बाद गुरूवार को एक बार फिर से बोमा लगाया गया। इसमें पकडे गए कृष्‍णमृग और रोजड़ों की संख्‍या बहुत अधिक होने के कारण मन्‍दसौर और नौरादेही भेजा जा रहा है। संभागायुक्त आशीष सिंह एवं कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज हेलीकॉप्टर और बोमा से कृष्णमृगों को पकड़ने के लिए चल रहे अभियान का निरीक्षण किया। वनमंडलाधिकारी देवास एवं अभियान प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पटेल ने बताया कि अभियान के तहत अभी तक 448 कृष्णमृगों को पकड़कर अन्यत्र संरक्षित क्षेत्रों/राष्ट्रीय उद्यान/वन्यजीव अभ्यारण्य वन क्षेत्र में छोड़ा गया। इससे किसानों को होने वाले फसल नुकसान में कमी आएगी और कृषकों की समस्याओं का निदान होगा। इस तरह का देश में ये प्रथम अभियान है।

 

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment