उज्जैन। बीयर पार्टी के दौरान करणी सेना के 2 गुटों में 26-27 अगस्त की रात खूनी संघर्ष हो गया। एक गुट ने 2 को मौत के घाट उतार दिया। घटनाक्रम के दूसरे दिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जो रिमांड पर थे। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर गुरूवार को 2 ओर आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें एक नाबालिग शामिल है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के कनीपुरा स्थित मार्ग पर लक्की दरबार ढाबा पर हुये संघर्ष में करणी सेना प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल दरबार उर्फ विजयप्रताप पिता दिलीपसिंह 42 साल निवासी नीमनवासा जितेन्द्र उर्फ टम्मू पिता निर्भयसिंह पंवार निवासी उंडासा की तलवार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या और बलवे का प्रकरण दर्ज कर हत्या के मुख्य आरोपी रहे करणी सेना के पूर्व नगर अध्यक्ष शक्तिसिंह अटल, अर्पित अटल, अन्ना उर्फ अनिल, राघव बैरागी और दुर्गेश उर्फ संजय परमार के साथ एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया था। नाबालिग को बाल संप्रेक्षणगृह भेज, पांच आरोपियों को रिमांड पर लिया गया था। जिनसे लगातार पूछताछ जारी थी। गुरूवार को दोहरे हत्याकांड से जुड़े 2 अन्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। थाना प्रभारी विवेक कनोड़िया ने बताया कि पूर्व में रिमांड पर चल रहे पांच आरोपियों को गुरूवार दोपहर रिमांड खत्म होने पर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। हिरासत में लिये गये 2 आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जायेगा। हत्या में आरोपियों की संख्या 12 से 15 पहुंच सकती है।
हमले में घायल हुआ था मुख्य आरोपी
विदित हो कि ढाबे पर दोनों पक्ष पुराने मामले में समझौते के लिये एकत्रित हुये थे, इस दौरान बीयर पार्टी रखी गई थी। मुख्य आरोपी शक्तिसिंह पर चर्चा के दौरान राहुल दरबार ने हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गया था, उसने अपने साथियों को बुलाकर हमला किया था। शक्ति घायल होने के बाद पहले थाने पहुंचा था उसके बाद चरक अस्पताल उपचार के लिये पहुंचा था, जहां से निजी अस्पताल जाकर भर्ती हो गया था। पुलिस ने उसे अस्पताल से गिरफ्तार किया था।
2 युवक थे घायल, एक का उपचार जारी
घटनाक्रम के दौरान हमले में दोनों मृतकों के 2 साथी श्रवण राव और पप्पू जाट घायल हुये थे। पप्पू जाट को गंभीर चोंट लगी थी जिसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने श्रवण के बयान दर्ज कर मामले में शक्तिसिंह, अर्पित अटल, सोनू बंजारा, अन्ना बंजारा, राकेश बानिया, अनिल और अन्य के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया था।
कानीपुरा दोहरे हत्याकांड में 2 आरोपी हिरासत में -पांच का रिमांड खत्म होने पर भेजा गया जेल