उज्जैन में गंभीर डैम लबालब, एक गेट खोला गया: यशवंत सागर से आया पानी, जल देवता का होगा पूजन

उज्जैन में गंभीर डैम लबालब, एक गेट खोला गया: यशवंत सागर से आया पानी, जल देवता का होगा पूजन

उज्जैन। लगातार हो रही बारिश और इंदौर के यशवंत सागर डैम से छोड़े गए पानी के कारण गंभीर डैम रविवार सुबह तक पूरी तरह भर गया। बांध की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने डैम का एक गेट डेढ़ मीटर तक खोलना पड़ा। वहीं, जल देवता श्री बिल्केश्वर महादेव मंदिर में पूजन-अर्चन की तैयारी भी की जा रही है।

यशवंत सागर से छोड़ा पानी, गंभीर डैम में तेज आवक

इंदौर और बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार देर रात 11:40 बजे यशवंत सागर डैम का एक गेट खोला गया था। इसके बाद पानी तेजी से गंभीर डैम की ओर आया।
शनिवार को ही बांध में लगभग 1300 एमसीएफटी पानी भर गया। रविवार सुबह तक बांध पूरी क्षमता के करीब पहुंच गया और लबालब स्थिति बन गई।

क्षमता 2250 एमसीएफटी, खुला एक गेट

गंभीर डैम की कुल क्षमता 2250 एमसीएफटी है। रविवार सुबह जलस्तर नियंत्रित करने के लिए गेट क्रमांक-3 को डेढ़ मीटर तक खोला गया। अधिकारियों के अनुसार, अभी भी पानी की आवक लगातार बनी हुई है।

अधिकारियों ने लिया जायजा

रविवार सुबह नगर निगम और पीएचई विभाग के अधिकारी गंभीर डैम पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बारिश का मौसम देखते हुए डैम प्रबंधन पहले से ही गेट खोलने की संभावना पर नजर बनाए हुए था।

होगा जल देवता का पूजन

नगर निगम की जलकार्य समिति के प्रभारी प्रकाश शर्मा ने कहा कि भगवान बिल्केश्वर जल देवता की कृपा से गंभीर बांध एक ही रात में पूरी क्षमता तक भर गया है।
इस अवसर पर शीघ्र ही गंभीर डैम के पास स्थित श्री बिल्केश्वर महादेव मंदिर में पूजन-अर्चन किया जाएगा।

👉 लगातार हो रही बारिश के बीच गंभीर डैम का भरना उज्जैनवासियों के लिए राहत की खबर है, क्योंकि यही शहर का प्रमुख जलस्रोत है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment