उज्जैन: गाय से टकराकर घायल हुआ वन विभाग का कंप्यूटर ऑपरेटर
उज्जैन। शहर में सड़कों पर मवेशियों की समस्या लगातार हादसों को जन्म दे रही है। शनिवार शाम वन विभाग में पदस्थ एक कंप्यूटर ऑपरेटर इसी लापरवाही का शिकार हो गए। उनकी बाइक अचानक सड़क पर दौड़कर आई एक गाय से टकरा गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
घटना उदयन मार्ग स्थित आनंद-मंगल परिसर के आगे की है। लक्ष्मीनगर निवासी 48 वर्षीय शैलेंद्र जैन, पिता सूरजमल जैन, वन विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं। वे ऑफिस से घर लौट रहे थे। उसी दौरान हल्की बारिश और अंधेरे के बीच सड़क पर कई गायें बैठी थीं। अचानक एक गाय दौड़कर सामने आ गई और उनकी बाइक से टकरा गई।
घायल कर्मचारी अस्पताल में भर्ती
टक्कर के बाद शैलेंद्र बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। उनके चेहरे, हाथ, पैर और कंधे पर चोट आई। एक हाथ में खून भी जम गया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
सड़कों पर मवेशियों की समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की मुख्य सड़कों और कॉलोनियों में मवेशियों की बढ़ती संख्या लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। हाल ही में कई लोग इनसे घायल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
