इंदौर।इंदौर में नौकरी की तलाश कर रहे एक युवक को इंस्टाग्राम पर नौकरी का विज्ञापन देख आवेदन करना महंगा पड़ गया। ठगों ने पहले रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे लिए, फिर टेलीग्राम पर टास्क पूरा कराने के बहाने अलग-अलग क्यूआर कोड पर रकम जमा कराते रहे। मामला अन्नपूर्णा थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सुदामा नगर निवासी राजीव चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह नई नौकरी की तलाश कर रहे थे। 8 जुलाई को इंस्टाग्राम पर नौकरी का विज्ञापन देखकर आवेदन किया था।रजिस्ट्रेशन के नाम पर शुरू हुई ठगी-आवेदन के कुछ देर बाद उनके व्हाट्सएप पर मैसेज आया। इसमें एक लिंक भेजकर टेलीग्राम पर रजिस्ट्रेशन करने को कहा गया। रजिस्ट्रेशन के लिए 100 रुपए शुल्क बताया गया और क्यूआर कोड भेजकर भुगतान कराया गया।रजिस्ट्रेशन के बाद टेलीग्राम पर अलग-अलग टास्क दिए गए। हर टास्क पूरा करने के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड पर पैसे जमा कराए गए।जब राजीव के खाते में पैसे खत्म हो गए और उन्होंने भुगतान करने से मना किया, तब ठगों ने कहा कि टास्क पूरा किए बिना रकम वापस नहीं मिलेगी।इसके बाद राजीव को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने अपने परिचितों से चर्चा की और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर अन्नपूर्णा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर नौकरी का झांसा देकर युवक से ऑनलाइन ठगी: टास्क के नाम पर पैसे जमा कराए