14 सितंबर को सीएम और सिंधिया करेंगे पौधारोपण, मंत्री सिलावट-कलेक्टर ने तैयारियों का जायजा लिया
ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर के कनाडिया क्षेत्र में प्रदेश का पहला आॅक्सीजन गार्डन बनेगा। इस गार्डन में प्रचुर आॅक्सीजन देने वाले एक लाख पौधे लगाए जायेंगे।इसकी शुरूआत 14 सितम्बर को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा की जायेगी।
इस अवसर पर विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा, जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी है। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज कार्यक्रम स्थल पहुंचकर जायजा लिया।
जल संसाधन मंत्री सिलावट ने बताया कि, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को साकार करने के लिये विकसित होने वाले इस गार्डन में 14 सितम्बर को मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री सिंधिया एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधा रोपण करेंगे। साथ ही ‘एक बगिया मां के नाम’ परियोजना के तहत यहां पर फलदार पौधों का भी रोपण अतिथियों द्वारा किया जायेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प पर्यावरण सुधार और हरित भारत के अंतर्गत देश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 141 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में यह संकल्प साकार रूप ले रहा है। बता दें कि जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट द्वारा इस अभियान को मूर्त रूप देने हेतु अधिकारियों के साथ बैठक भी ली गई। मंत्री सिलावट ने कनाडिया जाकर उक्त पहाड़ी का निरीक्षण कर कार्यक्रम की प्रस्तावित तैयारियों का अवलोकन किया।
पक्षियों के लिए आकर्षण का केन्द्र
इस क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पेड़ और फलदार पौधारोपित किए जाएंगे। इनमें नीम, पीपल, बरगद, शीशम, कदम, करंज, सिंदूर, मोरसली, कोअर्जुन, टेबोबिया, अशोक, कचनार, उंबर जैसी प्रमुख प्रजातियाँ शामिल हैं। साथ ही आम, सीताफल, जामफल, जामुन, आंवला, शहतूत, कटहल, बादाम, महुआ, पारसपीपल, रेन ट्री जैसी फलदार प्रजातियों का भी रोपण किया जाएगा। इससे न केवल पर्यावरण में स्वच्छता बढ़ेगी, बल्कि यह क्षेत्र पक्षियों के लिए आकर्षण का केन्द्र भी बनेगा। विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के आवागमन से यह स्थान पक्षी विहार और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा और नागरिकों के लिए आकर्षक बनेगा। बता दें उक्त क्षेत्र में पौधों को पोषण एवं जीवित रखने हेतु गुलमर्ग परिसर के ट्रीटमेंट प्लांट से पानी के लिए पाईप लाइन डालने के लिए भी निर्देशित किया।
