इंदौर में चली तेज हवाएं, मंत्री विजयवर्गीय का टूटा मंच

वाहन पर गिरा पेड़, आधे शहर की बिजली गुल, मुंबई से इंदौर आ रहा इंडिगो विमान तेज हवा के चलते लैंड नहीं कर पाया

ब्रह्मास्त्र इंदौर

इंदौर में बुधवार शाम शाम 5.30 बजे अचानक मौसम में बदलाव हो गया। तेज रफ्तार से हवा चली और धूल के गुबार उड़ने लगे। इस दौरान कई स्थानों की बिजली गुल हो गई। एरोड्रम इलाके में एक वाहन पर पेड़ गिर गया। वाहन चालक को चोट आई है।
शहरभर में 20 से ज्यादा स्थानों पर पेड़, टहनियां गिरने की सूचनाएं निगम कंट्रोल रूम को मिली हैं। वहीं, मुंबई से इंदौर आ रहा इंडिगो विमान तेज हवा के चलते लैंड नहीं कर पाया। इसके बाद विमान को भोपाल में उतारा गया है।

इधर, आंधी-तूफान के चलते राऊ क्षेत्र स्थित एक गौशाला में आयोजित कार्यक्रम के मंच का स्ट्रक्चर गिर गया। उस वक्त मंच पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के झोंकों ने पंडाल और मंच को हिला दिया और कुछ ही पलों में पूरा ढांचा गिर पड़ा।

इधर, बिजली कंपनी ने बताया कि आंधी की वजह से 11 केवी के 540 फीडरों में से 40 फीडरों पर आपूर्ति बाधित हुई है। 8 ग्रिडों से आपूर्ति बंद हुई। सुरक्षा कारणों से भी कुछ फीडर पर दस से पंद्रह मिनट बिजली बंद रखी गई। एक घंटे में प्रभावित फीडरों में से 25 फीडर सामान्य हो गए। शेष 15 फीडर डेढ़ घंटे में सामान्य हो गए। इस दौरान 400 कर्मचारियों ने लाइनों के पास से 30 पेड़, टहनियां और होर्डिंग को हटाई है। इस दौरान 350 शिकायतों का निराकरण किया। बीते 10 साल की बात करें तो दिन का सबसे ज्यादा तापमान 29 अप्रैल 2019 को 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। 10 साल में चार बार दिन का पारा 42 डिग्री के पार रहा। पिछले पांच साल में सबसे ज्यादा तापमान 18 अप्रैल 2024 को 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment