चुनाव में 16 घंटे में काटा था टिकट, खाती समाज ने अध्यक्ष के पोस्टर पर कालिख पोती
ब्रह्मास्त्र इंदौर
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने अपनी नियुक्ति के करीब 9 महीने बाद नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। टीम में 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 मंत्री सहित कुल 33 पदाधिकारी शामिल हैं। इस सूची में सबसे अधिक चर्चा स्वाति कासिद को लेकर है, जिन्हें नगर मंत्री बनाया गया है।
खाती समाज कार्यकारिणी के विरोध में उतर आया। प्रदर्शन कर रहे बीजेपी कार्यकतार्ओं ने कार्यालय के भीतर घुसकर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के केबिन के बाहर लगी नेम प्लेट और गेट पर कालिख पोती। कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर में सुमित के चेहरे पर भी कालिख पोत दी। बाद में पोस्टर भी फाड़ दिया।
बता दें, स्वाति, आरोपों से घिरे युवराज काशिद उर्फ युवराज उस्ताद की पत्नी हैं। नगर निगम चुनाव के दौरान भाजपा ने उन्हें वार्ड 56 से पार्षद प्रत्याशी बनाया था, लेकिन युवराज उस्ताद की आपराधिक पृष्ठभूमि की शिकायतें सामने आने के बाद पार्टी ने 16 घंटे में टिकट वापस ले लिया था। पति युवराज पर अवैध वसूली सहित कई आरोप हैं। उनकी जगह गजानंद गावड़े को टिकट मिला था।
युवराज पर अपनी गैंग और बदमाशों के साथ मिलकर अवैध वसूली और विवादित संपत्तियों का निपटारा करवाने के भी आरोप हैं। युवराज के गिरोह पर मारपीट, अवैध वसूली, हत्या, हत्या का प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। अधिकांश मामले परदेशीपुरा, बाणगंगा, हीरानगर, किशनगंज और महू में के हैं। नगर कार्यकारिणी की सूची जारी होते ही इंदौर बीजेपी कार्यालय के बाहर हंगामा हो गया। खाती समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के खिलाफ नारेबाजी की।
