ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर में एक केमिकल गोडाउन में आग लग गई। इसमें दो महिलाएं जिंदा जल गईं। महिलाओं ने एकादशी पर दीया जलाया था। इससे उनकी साड़ी में आग लग गई। इसके बाद आग तेजी से भड़कीं। वहां मौजूद दो बच्चे जान बचाकर बाहर भागे।
घटना शनिवार शाम राऊ के पास आरआर कैट रोड पर स्थित एक गोडाउन की है। आग लगने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
गोडाउन में थिनर स्टोर होता था- जिस गोडाउन में आग लगी वहां थिनर स्टोर होता था। फैक्ट्री का नाम स्वास्तिक इंटरप्राइजेज केमिकल है। फैक्ट्री में आग शाम को करीब 6.30 बजे लगी। 7.45 बजे आग बुझाई गई। एसडीईआरएफ और पुलिस ने की टीम ने रेस्क्यू किया। इस दौरान दो महिलाओं की डेड बॉडी बरामद की गई।
ऐसे लगी गोडाउन में आग- इंदौर जोन-1 के डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार चश्मदीदों ने बताया कि देवउठनी ग्यारस की पूजा के लिए दीया जलाया था। इसी से थिनर ने आग पकड़ ली। चूंकि महिलाएं गोडाउन के अंदर थीं तो बाहर नहीं निकल पाईं। गोडाउन में मौजूद बच्चे बाहर भागे, उन्हीं ने इस घटना की पुष्टि की।
