वंदना ने इंडोनेशिया में रचा इतिहास, 55+ कैटेगरी में पहला स्थान, भारत की इकलौती खिलाड़ी
ब्रह्मास्त्र इंदौर
प्रदेश की महिला बॉडी बिल्डर वंदना ठाकुर ने इंडोनेशिया में आयोजित 16वीं वर्ल्ड बॉडी बिल्डिंग और फिजिक स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने 55+ प्लस कैटेगरी में यह उपलब्धि हासिल की। इस चैम्पियनशिप में दुनियाभर के टॉप बॉडी बिल्डर ने हिस्सा लिया। इसमें वंदना इकलौती खिलाड़ी थी जिन्होंने भारत की ओर से प्रतिनिधित्व किया।
वंदना ने महिला बॉडी बिल्डिंग में भारत के लिए गोल्ड जीत कर इतिहास रच दिया है। वंदना महिला बॉडी बिल्डिंग में गोल्ड जीतने वाली देश की पहली महिला बॉडी बिल्डर बन गई हैं। यह चैम्पियनशिप 17 नवंबर को आयोजित की गई। वंदना का रोज सुबह जल्द उठना, घंटों की कड़ी ट्रेनिंग, चोटों से लड़ना और फिर भी मुस्कुराते हुए आगे बढ़ना उनके इस संकल्प ने उन्हें यह गौरव दिलाया। जीत को लेकर भावुक हुई वंदना ठाकुर ने फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि जब मैं मंच पर गई तो मेरे दिमाग में सिर्फ एक ही बात थी, तिरंगे के लिए जीतना। भारत का तिरंगा इस मंच पर लहराना है, यही मेरा लक्ष्य था। इसे सच करने के लिए जो भी करना पड़े, उसके लिए मैं तैयार थी।
